हिमाचल पर्यटन: नवरात्र में कारोबार ने पकड़ी रफ्तार, होटलों में 80 फीसदी तक बुकिंग; पहुंचे बंपर पर्यटक
हिमाचल प्रदेश में शारदीय नवरात्र और अक्तूबर के दूसरे वीकेंड के दौरान पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ी है। ताजा बर्फबारी और त्योहारों के सीजन के चलते प्रमुख पर्यटन स्थलों के होटलों में 60 से 80 फीसदी तक बुकिंग दर्ज की गई है। पश्चिम बंगाल समेत पड़ोसी राज्यों से पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल, टैक्सी और रेस्तरां कारोबारियों को राहत मिली है।
विस्तार
शारदीय नवरात्र के आगाज के साथ ही हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी और त्योहारों के पर्यटन सीजन की शुरुआत से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आमद बढ़ी है। अक्तूबर के लगातार दूसरे वीकेंड में होटलों में 60 से 80 फीसदी तक कमरे बुक होने से पर्यटन कारोबारियों को राहत मिली है।
शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। नवरात्र के दौरान पश्चिम बंगाल से भी सैलानियों ने हिमाचल का रुख करना शुरू कर दिया है। बंगाली पर्यटकों की बढ़ती आमद से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है।
पड़ोसी राज्यों से भी पहुंच रहे पर्यटक
हिमाचल में वीकेंड पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। त्योहारों के सीजन और पहाड़ों में बदले मौसम के बीच पर्यटक छुट्टियां बिताने के लिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों को पसंद कर रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आमद का असर होटल कारोबार के साथ टैक्सी और रेस्तरां व्यवसाय पर भी दिखाई देने लगा है। होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहारों के दौरान पर्यटन गतिविधियां बेहतर बनी रहेंगी।
होटल कारोबारियों ने जताई उम्मीद
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने बताया कि हिमाचल में त्योहारों के पर्यटन सीजन की शुरुआत अच्छी रही है। अक्तूबर के पहले वीकेंड पर पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की अच्छी भीड़ रही थी। होटलों में 60 से 80 फीसदी तक बुकिंग होने से पर्यटन कारोबार को गति मिली है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही बनी रहने से होटल, टैक्सी और रेस्तरां कारोबार को लाभ मिलने की उम्मीद है।