इन्वेस्टर मीट से पहले आर्थिक सुधारों का हिमाचल को मिलेगा विशेष लाभ: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले दिनों किए गए आर्थिक सुधारों का प्रदेश को विशेष लाभ होगा। सात और आठ नवंबर को धर्मशाला में मेगा इन्वेस्टर मीट पर इन सुधारों का खास असर नजर आएगा। इससे देश-दुनिया के निवेशक आकर्षित होंगे।
होटल के कमरों पर जीएसटी की दरें घटाने से हिमाचल के पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ होगा। सीएम ने सोमवार को शिमला के आशियाना में पत्रकार वार्ता में कहा कि तीन दिन पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के महत्वपूर्ण आर्थिक सुधारों की घोषणा की है।
उन्होंने उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि घरेलू कंपनियों के लिए कारपोरेट टैक्स की दर को 30 से घटाकर 22 प्रतिशत किया गया है। कारपोरेट टैक्स की यह दर सरचार्ज और सैस मिलाकर 34.94 प्रतिशत थी। यह अब घटकर 25.17 फीसदी रह गई है। इसमें 9 प्रतिशत से अधिक अंकों की कटौती की गई है।
सभी निवेशकोें को कैपिटल गेनस पर लगने वाले अतिरिक्त सरचार्ज को खत्म किया गया है। कारपोरेट जगत में केवल निवेशक ही नहीं, बल्कि निवेशकों की ओर से नियुक्त विभिन्न स्तरों पर प्रबंधक, कर्मचारी और मजदूर भी सम्मिलित हैं।
होटलों के लिए इस तरह घटाया जीएसटी
कहा कि कारपोरेट सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसको दिए गए लाभ से उत्पादों और सेवाओं की दरें घटेंगी तो आम आदमी को भी ये सस्ते में मिलेंगी।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू और प्रधान सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि 1000 रुपये तक दैनिक शुल्क वाले कमरे पहले से जीएसटी से मुक्त हैं।
अब 2500 से 7500 रुपये दैनिक शुल्क वाले होटल कमरों पर जीएसटी की दर को 18 से घटाकर 12 प्रतिशत किया है। 7500 रुपये से अधिक दैनिक शुल्क वाले होटल के कमरोें पर जीएसटी की दर 28 से घटाकर 18 प्रतिशत की गई है।
हिमाचल में कुल पंजीकृत होटलों की संख्या 3084, कुल पंजीकृत होम स्टे 1654, कुल कमरे 44,552 है। इनकी औसत ऑक्यूपेंसी लगभग 30 प्रतिशत है। जीएसटी की दरों के घटाए जाने से अब हिमाचल में पर्यटन व्यवसाय और तेजी पकड़ेगा।