केंद्रीय बजट में बढ़ा हिमाचल का हिस्सा: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय बजट में इस बार हिमाचल के हिस्से में भारी इजाफा हुआ है। इस बार के बजट में हिमाचल को आवंटित होने वाले बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 6.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वृद्धि से प्रदेश के विकास और केंद्रीय योजनाओं का लोगों को लाभ मिलेगा। प्राकृतिक खेती की शुरुआत करने वाले हिमाचल की तर्ज पर पहली बार केंद्र सरकार ने प्राकृतिक खेती को केंद्रीय बजट में जगह दी है।
शुक्रवार को संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में इस परंपरागत पद्धति को बढ़ावा देने की बात कही है। केंद्र से पहले हिमाचल देश का पहला राज्य था, जिसने 2018-19 के बजट में इसके लिए 25 करोड़ का प्रावधान किया था।
2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य पूरा होगा
वर्तमान में करीब तीन हजार किसान इस पद्धति से किसानी-बागवानी कर रहे हैं। केंद्रीय बजट से इस बार वैसे तो हिमाचल को कुछ नहीं मिला है, लेकिन बजट में कई ऐसे प्रावधान हैं, जिनसे प्रदेश को लाभ होगा।
70 फीसदी से ज्यादा ग्रामीण अंचल वाले हिमाचल ने इसी साल प्राकृतिक खेती की शुरुआत की है। केंद्र ने बजट में इसे शामिल कर न सिर्फ प्रदेश के प्रयास को प्रोत्साहित किया है, बल्कि इसे वित्तीय सहयोग भी मिलना तय है।
2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य पूरा करने को एग्रो आधारिक उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। स्फूर्ति योजना से भी प्रदेश के दस्तकारों को लाभ मिलेगा।
जन-धन खाताधारक महिलाओं को 5000 रुपये ओवरड्राफ्ट की सुविधा तथा स्वयं सहायता समूह की एक सदस्य को एक लाख तक के मुद्रा लोन की व्यवस्था महिला सशक्तीकरण की दिशा में कारगर सिद्ध होंगे।
हर घर पहुंचेगा जल
वर्तमान में प्रदेश के 89 प्रतिशत घरों तक पानी के कनेक्शन हैं। केंद्रीय बजट में हर घर जल योजना से 2024 तक प्रदेश के हर घर तक पानी के कनेक्शन पहुंचेंगे। एक देश एक ग्रिड योजना से भी हिमाचल को लाभ होगा। इस नई योजना से प्रदेश में उत्पादित बिजली देश के किसी भी कोने में बेची जा सकेगी।
हिमाचल का रोड नेटवर्क होगा मजबूत
भारत माला परियोजना के दूसरे चरण में राज्यों में सड़क नेटवर्क सुदृढ़ करने और सड़कों के रखरखाव व सुधार को नई नीति बनाने का निर्णय लिया है। इससे हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य को लाभ होगा।
बजट से गरीब को मिलेगा बल : रामस्वरूप
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जो बजट पेश किया है, उससे जहां गरीब को बल मिलेगा वहीं युवाओं को बेहतर कल मिलेगा। बजट में सभी वर्गों का विशेष तौर पर ध्यान रखा गया है। यह बजट स्थायी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने बजट में ग्रामीण स्तर की महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए काम किया है तथा अब नारी तू नारायणी योजना के तहत जन-धन खाते से महिलाओं को 5 हजार का ओवर ड्राफ्ट मिल सकता है।
इसके अलावा 1 लाख तक मुद्रा योजना के तहत ऋण का प्रावधान है तथा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के तहत अनेक प्रकार की सुविधाएं सरकार की ओर से प्रदान करवाई जाएगी।