1454 हड़ताली कंप्यूटर शिक्षकों को सरकार ने दिया बड़ा झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते चार जुलाई से हड़ताल पर गए 1454 कंप्यूटर शिक्षकों की सरकार ने छुट्टी कर दी है। अब 1134 स्कूलों में इन शिक्षकों की जगह नई भर्ती की जाएगी। शिक्षा विभाग ने 30 जून 2017 तक स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक मुहैया कराने के लिए नाइलेट कंपनी के साथ एमओयू किया था लेकिन महीनों से पढ़ाई ठप है।
अब उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने नाइलेट कंपनी को पत्र भेजकर जल्द से जल्द शिक्षकों की भर्ती करने के आदेश दिए हैं। नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं से पहले कंप्यूटर विषय का सिलेबस पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया है। बता दें कि कंप्यूटर शिक्षक स्थायी नीति की मांग को लेकर चार जुलाई 2016 से हड़ताल पर हैं।
स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा पूरी तरह से ठप है। अब नौवीं से बारहवीं की मार्च 2017 में वार्षिक परीक्षा के चलते गहरी नींद में सोया शिक्षा विभाग जागा है। इन कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं से पहले विभाग ने कंप्यूटर विषय का सिलेबस पूरा करने के लिए हड़ताली शिक्षकों की जगह नई भर्ती के आदेश जारी किए हैं।
बिना पढ़ाई ली परीक्षा- प्रदेश के शीतकालीन स्कूलों में नौवीं का कंप्यूटर (थ्योरी) की परीक्षा शुक्रवार को बिना पढ़ाए ही ले ली गई। इन स्कूलों में चार जुलाई से कंप्यूटर की पढ़ाई बंद थी। हालांकि, ग्रीष्मकालीन स्कूलों में नौवीं की परीक्षा मार्च में होगी।
सरकार को गुमराह कर रहे अफसर
कंप्यूटर शिक्षक संघ के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने निदेशक उच्च शिक्षा के नई भर्ती करने के फरमान का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि नई भर्ती का फैसला शिक्षकों के हितों से खिलवाड़ है।
स्कूलों में जल्द ही सर्दियों की छुट्टियां होने वाली है। ऐसे में सिलेबस कैसे पूरा होगा? यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री हमारी मांगों को पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं लेकिन अफसरशाही सरकार को गुमराह कर रही है।
164 दिन से जारी है क्रमिक अनशन- राजधानी में विधानसभा के पास कंप्यूटर शिक्षकों का क्रमिक अनशन शुक्रवार को लगातार 164वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को बिलासपुर जिला के कंप्यूटर शिक्षक अनिल ठाकुर और राकेश पटियाल क्रमिक अनशन पर बैठे।