हिमाचल सरकार ने शराब पर सेस से जुटाए 7 करोड़, इन कार्यों पर होंगे खर्च
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल सरकार की बजट घोषणा रंग लाने लगी है। शराब की हर बोतल पर दो रुपये सेस की वसूली कर राज्य कर एवं आबकारी (आबकारी एवं कराधान) विभाग ने आठ माह में 7.10 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
इसमें 3.55 करोड़ एंबुलेंस और 3.55 करोड़ गोशालाओं के बेहतर संचालन पर खर्च किए जाएंगे। आबकारी विभाग ने वित्त विभाग को पत्र लिखकर नया हेड बनाने की मांग की थी ताकि संबंधित विभागों को बजट जारी किया जा सके। अब बजट जारी होना शुरू हो गया है।
हर बोतल पर दो रुपये सेस वसूलना शुरू किया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने पहले बजट में एंबुलेंस संचालन और गोसेवा के लिए शराब पर एक-एक रुपये सेस लगाने का एलान किया था। इसके बाद विभाग ने शराब की हर बोतल पर दो रुपये सेस वसूलना शुरू किया।
विभाग के प्रधान सचिव जेसी शर्मा ने बताया कि अब तक सात करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट जुटा लिया है। नया हेड न होने से बजट स्थानांतरित नहीं कर पा रहे थे।
अब वित्त विभाग व महालेखाकार की मंजूरी के तैयार नए हेड में यह राशि स्थानांतरित कर दी जाएगी। इसके बाद वित्त विभाग संबंधित विभागों को उनके कार्यों के अनुसार राशि जारी करेगा।
आबकारी एवं कराधान विभाग का नाम बदला
प्रदेश सरकार ने आबकारी एवं कराधान विभाग का नाम बदल दिया है। अब विभाग का नया नाम स्टेट टैक्स एंड एक्साइज विभाग हो गया है। सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार जीएसटी में राज्यों के कर विभागों का नाम यही रखने का प्रावधान था। ऐसे में राज्य सरकार ने भी नाम में बदलाव कर दिया है। ब्यूरो