CBI रिश्वत कांड में फंसे ज्वॉइंट डायरेक्टर तिलक राज पर सरकार फिर मेहरबान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीआई की कार्रवाई में घूस लेने के आरोप में पकड़े गए उद्योग विभाग के जॉइंट डायरेक्टर तिलक राज पर प्रदेश सरकार ने फिर दरियादिली दिखाई है। आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच बंद हो गई है। सरकार अब तिलक राज के छूटने का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही प्रदेश सरकार विभागीय कार्रवाई करेगी।
तिलक राज के खिलाफ उद्योग मुख्यालय ने सरकार को शिकायत भेजी थी जिसे भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। सीएम कार्यालय से यह शिकायत अलग से की गई थी जबकि उद्योग मंत्री कार्यालय को भी मुख्यालय की ओर से जांच करवाने की फाइल भेजी गई थी। तिलक राज की सरकार में अच्छी पैठ है।
सीबीआई की गिरफ्त में आने के बाद भी सरकार इस मामले में ज्यादा हस्तक्षेप नहीं करना चाहती। आरोपी के रसूख का पता ऐसे भी लगाया जा सकता है कि हिमाचल में कांग्रेस और भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान उन्होंने ज्यादातर समय बद्दी में ही बिताया।
बद्दी में ही खुलवा दिया था जॉइंट डायरेक्टर का दफ्तर
हालांकि, बद्दी में उद्योग विभाग जीएम का दफ्तर है लेकिन जॉइंट डायरेक्टर होने पर भी आरोपी ने बद्दी नहीं छोड़ा। आरोपी ने बद्दी में जॉइंट डायरेक्टर का दफ्तर ही खुलवा दिया था। कई बार तो निदेशालय को बाईपास कर रिपोर्ट सरकार को भेज दी। तिलक राज के इसी रवैये को लेकर निदेशक ने उसके खिलाफ जांच के आदेश दिए।
निदेशक स्तर से सरकार को 9 शिकायतों का पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई थी। लेकिन सरकार ने उद्योग विभाग के निदेशक का ही तबादला कर दिया था। उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एजीवी प्रसाद ने कहा कि तिलक राज अभी सीबीआई की गिरफ्त में हैं। उनके बाहर आने के बाद ही प्रदेश सरकार आगामी कार्रवाई करेगी।