HP BJP Protest: भाजपा का शिमला में शक्ति प्रदर्शन, ओक ओवर किया का घेराव, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका
विधानसभा मानसून सत्र से पहले हिमाचल भाजपा ने शिमला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सचिवालय मार्च के दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका, जिसके बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। भाजपा ने नेताओं पर दर्ज मामलों, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर और सचिवालय क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ बुधवार को राजधानी शिमला में बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर का घेराव भी किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोका। प्रदर्शन का नेतृत्व नेता विपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बुधवार सुबह 11:00 बजे भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता सीटीओ चौक पर एकत्रित हुए। इसके बाद शांतिपूर्ण रैली लोअर बाजार होते हुए शेरे पंजाब पहुंची। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर का घेराव किया।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विपक्ष के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई कर रही है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्टी ने मांग की कि राजनीतिक कारणों से दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
#WATCH | Shimla, Himachal Pradesh: BJP leader and LoP Jai Ram Thakur says, "... The entire party has gathered here to protest against what it calls politically motivated cases being filed against public representatives. The state government has registered nearly a dozen cases… https://t.co/pn4rFkoaFa pic.twitter.com/gCYoeCglZx
— ANI (@ANI) August 5, 2026
इस दौरान भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, प्रतिशोध की राजनीति, जनविरोधी नीतियों और लोकतंत्र की हत्या को लेकर जोरदार नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मरीना के समीप सड़क पर बैरिकेडिंग की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस वजह से हाईकोर्ट-छोटा शिमला मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। यहां पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और कांग्रेस सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में भाजपा के सभी 28 विधायकों ने भाग लिया। इसके अलावा संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने भाग लिया।
हार से बौखलाई सरकार झूठे मुकदमे कर रही दर्ज : जयराम
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर ताले लगाने की राजनीति शुरू की। पंचायत और शहरी निकाय चुनाव को टालने के लिए सरकार ने हरसंभव प्रयास किए। आरोप लगाया कि चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस सरकार अब प्रशासन का दुरुपयोग कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, आशीष शर्मा, पूर्व विधायक होशियार सिंह और राजेंद्र राणा सहित भाजपा के अनेक नेताओं और उनके परिवारों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया गया है। अब जिला परिषद सदस्यों, पार्षदों और भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधियों तक को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए हाल की आपराधिक घटनाओं का उल्लेख किया और कहा कि आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि राजनीतिक दबाव में विपक्ष को प्रताड़ित करने वालों की जवाबदेही भविष्य में तय की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि कोई पत्रकार सरकार के खिलाफ खबर प्रकाशित करता है या कोई नागरिक सोशल मीडिया पर आलोचना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा सत्र में इन मुद्दों को सदन के भीतर उठाएगी और सड़क पर भी आंदोलन जारी रखेगी।
अब मंडल स्तर पर भी शुरू होंगे विरोध प्रदर्शन : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आज का आंदोलन केवल शुरुआत है। अब प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक मंडल में हर महीने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ धरने और प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं से 1500 प्रतिमाह देने का वादा किया था लेकिन चार वर्ष बीतने के बाद भी लाखों महिलाएं आज भी उस वादे का इंतजार कर रही हैं। बेरोजगार युवाओं को पक्की सरकारी नौकरी और पुरानी पेंशन जैसी घोषणाएं केवल चुनावी वादे बनकर रह गईं।
भाजपा का प्रदर्शन गुटबाजी का प्रतीक बनकर उभरा : कांग्रेस
उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक सुदर्शन सिंह, मलेंद्र राजन, सुरेश कुमार और विवेक शर्मा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को शिमला में किया गया प्रदर्शन कांग्रेस के खिलाफ रोष प्रदर्शन का कम बल्कि उनकी अपनी गुटबाजी का प्रतीक बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया कि भाजपा पांच गुटों में बंटी है और उसके नेताओं ने नेतृत्व को लेकर जंग छिड़ी है। इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा विधायकों के विरुद्ध कानूनी संस्थाएं तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक रंग दे रही है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए विधायक सुधीर शर्मा के विरुद्ध पुलिस की ओर से जो कार्रवाई की जा रही है, वह एक ऐसे मामले से संबधित है जो पूर्व भाजपा सरकार के समय उन पर उस समय दर्ज किया गया था जब वह कांग्रेस से जुड़े थे। भाजपा के समय दर्ज मामले पर पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान जो कार्रवाई की गई थी, उसी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश न करे, क्योंकि इसमें वर्तमान प्रदेश सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है तथा कानून इसमें अपना काम निष्पक्षता से कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग भी सुधीर शर्मा सहित अन्य भाजपा के नेताओं पर हो रही कार्रवाई से खुश हैं क्योंकि भाजपा में गए कांग्रेस के नेताओं का भी अपना एक अलग गुट है जिससे वरिष्ठ नेता खुश नहीं हैं। मौजूदा समय में भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल नजर आ रही है क्योंकि वह स्वयं दिशाहीन है। उसके जितने भी अगल-अलग गुट हैं उतने ही भिन्न सबके एजेंडे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल के सर्वांगींण विकास, इसे आत्मनिर्भर बनाने एवं सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। उप मुख्य सचेतक और विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हकों की रक्षा के लिए न्यायालयों सहित विभिन्न मंचों पर मजबूती से प्रेदश का पक्ष रखा है। किशाऊ बांध बहुउद्देश्यीय परियोजना, वाइल्ड फ्लावर हॉल, कड़छम-वांगतू जल विद्युत में प्रदेश ने सफलता हासिल की है। परियोजनाओं आदि में हिमाचल के लिए सफलता हासिल की है। विभिन्न मामलों में न्यायालयों ने हिमाचल के पक्ष में फैसले सुनाए हैं जिससे हिमाचल के संसाधनों की रक्षा हुई है तथा राज्य को हजारों करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा से उबरने के लिए हिमाचल प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी लेकिन यह धनराशि अब तक प्रदेश को नहीं मिली है। उन्होंने भाजपा से अपील की है कि हिमाचल के विकास में रोड़ा बनने के बजाय केंद्र सरकार से हिमाचल के लिए वित्तीय सहायता लाने में प्रदेश सरकार के प्रयासों में सहभागी बने।