{"_id":"6af15d6642ccb614ab024e34","slug":"chamba-diwali-fire-incidents-churah-pangi-property-loss-15-lakh-2026-11-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल प्रदेश: चंबा में दीपावली पर आग का तांडव, कहीं सूखा घास तो कहीं मकान जले, करीब 15 लाख तक नुकसान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल प्रदेश: चंबा में दीपावली पर आग का तांडव, कहीं सूखा घास तो कहीं मकान जले, करीब 15 लाख तक नुकसान
Mon, 09 Nov 2026 11:16 AM IST
Ankesh Dogra
संवाद न्यूज एजेंसी, चंबा।
संवाद न्यूज एजेंसी, चंबा।
Published by: Ankesh Dogra
Updated Mon, 09 Nov 2026 11:16 AM IST
सार
चंबा जिले में दीपावली के दौरान आगजनी की कई घटनाओं ने लोगों की खुशियों को चिंता में बदल दिया। चुराह में घास की 500 गड्डियां, करीब 200 सेब के पौधे और मक्की का कूंदू जल गया, जबकि पांगी के पुन्टो गांव में तीन मकानों को नुकसान पहुंचा। पांगी में तीन परिवारों की करीब 12 से 15 लाख रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान है।
विज्ञापन
चंबा में आग का तांडव।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। चुराह और पांगी में हुए अग्निकांड में घास, सेब के पौधों, मक्की के कूंदू और मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, चंबा शहर के विभिन्न स्थानों पर भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
विज्ञापन
घास और सेब के पौधे जले
चुराह के थनेईकोठी क्षेत्र में इंडल गांव से करीब 300 मीटर ऊपर आग लगने से भाग सिंह पुत्र हरी लाल की घास की करीब 500 गड्डियां और लगभग 200 सेब के पौधे जल गए। वहीं, कमल पुत्र बैंसू का मक्की का कूंदू भी आग की भेंट चढ़ गया। सुकयाली में भी घास जलने की सूचना है। इसके अलावा शहर के कश्मीरी मोहल्ले, सूही मंदिर के साथ लगती पहाड़ी और चामुंडा पहाड़ी पर झाड़ियों में आग लगी।
विज्ञापन
उधर, जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करेल के पुन्टो गांव में सोमवार सुबह पांच से छह बजे के बीच आग लगने से तीन परिवार प्रभावित हुए। आग सबसे पहले मान सिंह पुत्र गुरदत्ता के मकान में लगी। इसके बाद लपटों ने साथ लगते विशन सिंह पुत्र देवी सिंह और संसार चंद पुत्र दौली राम के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। तीनों मकान आपस में सटे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इससे ऊपरी मंजिल के कमरे, घास रखने के शेड और उनमें रखा सूखा घास जलकर राख हो गया।
विज्ञापन
करीब 12 से 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण तंदूर से उठी चिंगारी बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, तीनों परिवारों को करीब 12 से 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। राजस्व विभाग की ओर से नुकसान का आधिकारिक आकलन किया जाना शेष है।