हिमाचल में अब इतने दिन के भीतर पास होगा मकान का नक्शा, मंत्री ने विस में दी जानकारी
शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भवन निर्माण की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जा रहा है। भवन निर्माण का कंप्लीशन सर्टिफिकेट 15 दिन में जारी किया जाएगा, जबकि नक्शा 30 दिन में पास होगा। भवन निर्माण के सरलीकरण का यह मामला राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में जाएगा।
यह भी पढ़ें: गलत रिपोर्ट से कोमा में गई महिला की मौत का मामला: सीएम जयराम ने दिए जांच के आदेश
बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान पालमपुर के कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि शहरी विकास विभाग लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवाओं की गारंटी में संशोधन कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नक्शे के लिए अनुमोदन का समय 60 दिन निर्धारित किया गया है। इसे और घटाया जा रहा है। इससे लोगों को सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में अवैध खनन करने वाले नपेंगे, दो साल की होगी कैद, पांच लाख जुर्माना
बुटेल ने दोहराया, पालमपुर को कब मिलेंगे नियमित ईओ और जेई
आशीष बुटेल दोहराते रहे कि पालमपुर स्थित टीसीपी कार्यालय को कब नियमित ईओ और जेई मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इससे काम प्रभावित हो रहा है। आवासीय और वाणिज्यिक भवनों को वक्त में नहीं बनाया जा पा रहा है।
शहरी गरीबों को आर्किटेक्ट को देने पड़ते हैं हजारों रुपये
रेणुका के कांग्रेस विधायक विनय कुमार ने कहा कि शहरी गरीबों को मकान बनाने के लिए 1 लाख 60 हजार रुपये की धनराशि दी जाती है। मगर आर्किटेक्ट ही नक्शा बनाने के हजारों रुपये ले लेते हैं। इसका सरलीकरण किया जाए।