हिमाचल: दवा की गुणवत्ता पर दोहरी जांच की सिफारिश, मंजूरी के बाद ही बाजार में उतरे
कई मामलों में दवाओं के घटिया या अवमानक घोषित होने तक बड़ी संख्या में लोग उनका सेवन कर चुके होते हैं। इस व्यवस्था पर राज्य विधानसभा की मानव विकास समिति ने सवाल उठाते हुए चिंता जताई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता में कमी का पता बाजार में पहुंचने के बाद चल रहा है। कई मामलों में दवाओं के घटिया या अवमानक घोषित होने तक बड़ी संख्या में लोग उनका सेवन कर चुके होते हैं। इस व्यवस्था पर राज्य विधानसभा की मानव विकास समिति ने सवाल उठाते हुए चिंता जताई है। सभापति संजय अवस्थी की अध्यक्षता वाली समिति ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पेश अपने 38वें कार्रवाई प्रतिवेदन में मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बताई है। समिति ने सिफारिश की है कि दवा निर्माण के शुरुआती चरण में ही विशेषज्ञ समिति से उसकी गुणवत्ता की जांच करवाई जाए। इसके बाद ड्रग्स टेस्टिंग लैबोरेटरी में दोबारा परीक्षण किया जाए। गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही दवा को बाजार में उतारने की अनुमति दी जानी चाहिए।
समिति के सदस्यों में ये शामिल
समिति के सदस्यों में बिक्रम सिंह, विनोद कुमार, बलवीर सिंह वर्मा, डॉ. जनक राज, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर, हरीश जनारथा और कुमारी अनुराधा राणा शामिल हैं। समिति ने दवा परीक्षण प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली को लेकर विभाग से विस्तृत जानकारी मांगी थी। इसमें दवाओं के नमूने लेने, प्रत्येक बैच से नमूने जुटाने, उनकी जांच और रिपोर्ट के आधार पर की जाने वाली कार्रवाई की प्रक्रिया का ब्योरा शामिल था। विभाग ने 21 अगस्त 2025 को दिए लिखित जवाब में बताया था कि औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 22(बी) के तहत दवा निरीक्षक गुणवत्ता जांच के लिए नमूने लेते हैं। इन्हें अधिनियम की धारा 23 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ड्रग्स टेस्टिंग लैबोरेटरी में भेजा जाता है, जहां सरकारी विश्लेषक इनकी जांच करते हैं।
हर महीने दवाओं के 10 नमूने लेने के निर्देश
विभाग के अनुसार दवा निरीक्षकों को हर महीने अलग-अलग स्थानों से विभिन्न दवाओं के 10 नमूने लेने के निर्देश दिए गए हैं। दवा निर्माता कंपनियों के लिए भी बाजार में दवाएं उतारने से पहले उनकी गुणवत्ता जांच करवाना अनिवार्य है। औषधि एवं प्रसाधन नियमों की अनुसूची-यू के तहत निर्माता स्वयं या लाइसेंसिंग प्राधिकारी से अनुमोदित प्रयोगशाला में दवाओं का परीक्षण करवाते हैं। इसका रिकॉर्ड कंपनी के पास रहता है, जिसका दवा निरीक्षक समय-समय पर निरीक्षण करते हैं।
घटिया दवा मिलने पर बिक्री रोकने और स्टॉक वापस मंगवाने की प्रक्रिया
विभाग ने समिति को बताया था कि जांच में किसी दवा का नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने पर संबंधित निर्माता कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। कंपनी से खरीद चालान की जानकारी मांगी जाती है। साथ ही संबंधित बैच की आगे बिक्री रोकने और बाजार में उपलब्ध स्टॉक वापस मंगवाने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। थोक विक्रेता, खुदरा विक्रेता या सरकारी अस्पताल से लिए गए नमूने के घटिया पाए जाने पर मामला विभाग की स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष रखा जाता है। यह कमेटी ड्रग कंट्रोलर को निर्माता के खिलाफ केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई की सिफारिश करती है।
