एसओपी तैयार: हिमाचल में पंचायतों की बैठकों के फैसले होंगे ऑनलाइन, तीन दिन में अपलोड करनी होगी कार्यवाही
ग्राम सभा, महिला ग्राम सभा, विशेष ग्राम सभा और पंचायत बैठकों की पूरी कार्यवाही तीन दिनों में ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। पंचायतीराज विभाग ने पंचायत कार्यवाही प्रबंधन प्रणाली के संचालन के लिए एसओपी तैयार की है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
हिमाचल प्रदेश में अब ग्राम सभाओं से लेकर जिला परिषदों तक की बैठकों के फैसलों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। ग्राम सभा, महिला ग्राम सभा, विशेष ग्राम सभा और पंचायत बैठकों की पूरी कार्यवाही तीन दिनों में ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। इसके लिए पंचायतीराज विभाग ने पंचायत कार्यवाही प्रबंधन प्रणाली के संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की है। नई व्यवस्था से पंचायतों के फैसलों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और आम लोग भी निर्धारित शुल्क देकर बैठकों की प्रमाणित कार्यवाही हासिल कर सकेंगे। पंचायतीराज विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है।
एजेंडे पर लिए गए निर्णय को अलग-अलग दर्ज करना होगा
इसके लिए विभाग के पोर्टल पर संबंधित पंचायत सचिव, पंचायत समिति सचिव या जिला परिषद सचिव को बैठक शुरू होने से पहले उसका पंजीकरण करना होगा। इसमें बैठक की तारीख, समय, स्थान, अध्यक्ष और एजेंडा दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर बैठक का नोटिस स्वत: तैयार होगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकेगा। बैठक शुरू होने के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्राम सभा सदस्यों की उपस्थिति निर्धारित प्रारूप में दर्ज कर अपलोड करनी होगी। इस बैठक में रखे गए प्रत्येक एजेंडे पर लिए गए निर्णय को अलग-अलग दर्ज करना होगा। इसके लिए बैठक का विषय, विवरण और एजेंडा वार फैसले ऑनलाइन लिखे जाएंगे। इसके बाद कार्यवाही अध्यक्ष की मंजूरी के लिए प्रस्तुत होगी। अध्यक्ष के हस्ताक्षर वाला निर्धारित प्रमाणपत्र स्कैन कर पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करना होगा। संबंधित सचिव या अधिकृत अधिकारी कार्यवाही की जांच के बाद आधार आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर करेगा। इसके लिए सी-डैक की सुविधा का इस्तेमाल होगा।
कार्यवाही दर्ज कर प्रमाणीकरण के लिए प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा
इस बैठक समाप्त होने के तीन कार्यदिवस के भीतर कार्यवाही दर्ज कर प्रमाणीकरण के लिए प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। डिजिटल हस्ताक्षर के बाद अंतिम कार्यवाही पोर्टल पर उपलब्ध होगी। एक बार प्रमाणित होने के बाद कार्यवाही को हटाया या उसके मूल रिकॉर्ड को बदला नहीं जा सकेगा। लिपिकीय या टंकण संबंधी गलती सुधारने के लिए अलग से शुद्धिपत्र जारी करना होगा। इसे सक्षम अधिकारी से प्रमाणित करवाना जरूरी होगा। किसी प्रस्ताव या फैसले को शुद्धिपत्र के माध्यम से बदला नहीं जा सकेगा। इसके लिए संबंधित पंचायत संस्था को अगली बैठक में नियमानुसार निर्णय लेना होगा। बैठक का शीर्षक और तारीख जैसी बुनियादी जानकारी आम लोगों को पोर्टल पर दिखाई देगी। नागरिक हिमसेवा पोर्टल या संबंधित पंचायत कार्यालय में आवेदन कर निर्धारित शुल्क देकर प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रति पर क्यूआर कोड होगा, जिससे दस्तावेज की प्रामाणिकता जांची जा सकेगी। उपायुक्त, जिला पंचायत अधिकारी और खंड विकास अधिकारी अपने क्षेत्रों में व्यवस्था की निगरानी करेंगे। पंचायतों के पुराने भौतिक और डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखे जाएंगे।
पंचायत घर का अप्रयुक्त बजट अब अधूरे भवनों को करेगा पूरा
प्रदेश में लंबे समय से अधूरे लटके पंचायत घरों के निर्माण कार्य अब जल्द पूरे हो सकेंगे। पंचायती राज विभाग ने ऐसे क्षेत्रों की अप्रयुक्त बजट राशि को दूसरी जरूरतमंद पंचायतों में हस्तांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है, जहां काम शुरू नहीं हो पाया है या निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी धनराशि शेष बची हुई है। इसके लिए निदेशालय ने प्रदेश की नवगठित और पुरानी ग्राम पंचायतों से स्वीकृत बजट का पंचायतवार ब्योरा मांगा है। पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक ने प्रदेश के सभी जिला पंचायत अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। विभाग का मुख्य लक्ष्य ऐसी पंचायतों की पहचान करना है, जहां बजट उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है या स्वीकृत राशि पूरी तरह खर्च नहीं हो पाई है।
धनराशि उपलब्ध करवाने वाली ग्राम पंचायत का पूरा विवरण प्रस्ताव में शामिल करना अनिवार्य
इस बची हुई धनराशि को उन पंचायतों में हस्तांतरित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जहां पंचायत घर का निर्माण प्रगति पर है और उसे पूरा करने के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत है। जारी निर्देशों के अनुसार धनराशि उपलब्ध करवाने वाली ग्राम पंचायत का पूरा विवरण प्रस्ताव में शामिल करना अनिवार्य होगा। इसमें बजट स्वीकृति आदेश की संख्या और तिथि, कुल स्वीकृत राशि, अब तक खर्च की गई धनराशि और शेष अप्रयुक्त बजट का ब्योरा देना होगा। साथ ही निर्माण कार्य शुरू न होने या राशि खर्च न हो पाने के कारण भी स्पष्ट करने होंगे। वहीं, जिस पंचायत को धनराशि हस्तांतरित की जानी है, उसे आवश्यक अतिरिक्त बजट, किस्तों के अनुसार धनराशि की जरूरत, कार्य की भौतिक व वित्तीय प्रगति के साथ कार्यकारी एजेंसी की व्यवहार्यता संबंधी टिप्पणी और सिफारिशें भी देनी होंगी। जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने निदेशालय से प्राप्त इन दिशा-निर्देशों की पुष्टि की है।
