एक साल में भी नहीं सुलझी वनरक्षक होशियार सिंह मौत की पहेली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहुचर्चित वनरक्षक होशियार सिंह की मौत मामले को एक साल हो चुका है। बीते साल नौ जून को सेरी कतांडा बीट के जंगलों में लाश पेड़ पर उल्टी लटकी मिली थी। इस रहस्य से सीबीआई अब तक पर्दा नहीं उठा सकी है।
तत्कालीन वीरभद्र सरकार के समय मृतक वनरक्षक की पेंशन आजीवन उसकी दादी को लगाने की घोषणा भी अभी अधूरी है। परिजनों की मानें तो पेंशन का एक पैसा भी दादी को नहीं मिला है। न ही सूबे के जंगलों में ड्यूटी निभा रहे फॉरेस्ट गार्ड हथियारों से लैस हुए हैं।
नौ जून, 2017 का सूरज होशियार की 75 वर्षीय दादी और परिजनों की जिंदगी में दुखों का सैलाब लेकर आया था। होशियार के चाचा परस राम कहते हैं कि होशियार के झरोठी गांव के पैतृक मकान में आज भी अजीब सा सन्नाटा है।
होशियार की आत्मिक शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की
वह दादी के साथ रहता था। होशियार की मौत के बाद दादी अपने छोटे बेटे परस राम के साथ रहने लगी है। सीबीआई कई बार करसोग के जंगलों को खंगाल चुकी है, लेकिन अभी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
9410 रुपये मिलनी थी मासिक पेंशन
उधर, वन अराजपत्रित कर्मचारी संघ के वन वृत्त मंडी के प्रधान प्रदीप ठाकुर ने सीबीआई से मांग की है कि होशियार सिंह की मौत के रहस्य से पर्दा उठाए।होशियार के चाचा परस राम ने बताया कि एक साल बाद भी होशियार की पेंशन उसकी दादी को नहीं मिली है।
कागजात और औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं, लेकिन अभी तक पेंशन का एक पैसा भी दादी के खाते में नहीं आया है। 9410 रुपये की मासिक पेंशन दादी को आजीवन मिलने की घोषणा की गई थी।
कब क्या हुआ
05 जून 2017 : सोमवार को वनरक्षक होशियार सिंह लापता हुआ
08 जून 2017 : वीरवार को पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी की रिपोर्ट
09 जून 2017 : शुक्रवार सुबह दस बजे पेड़ पर उल्टा लटका मिला शव, केस दर्ज
11 जून 2017 : रविवार को पोस्टमार्टम के आधार पर हत्या की धारा बदली
14 जून 2017: फॉरेस्ट गार्ड की मौत पर सड़कों पर उतरा जन सैलाब, सीबीआई जांच मांगी 28 अक्तूबर 2017: होशियार मामला सीबीआई को सौंपा, तीन एफआईआर दर्ज। वर्तमान में सीबीआई जांच कर रही है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन
पेंशन का पता नहीं, हथियार देने की प्रक्रिया शुरू : मंत्री
वन मंत्री गोविंद राम ने कहा कि मृतक होशियार की दादी को पेंशन न मिलने का मामला उनके ध्यान में नहीं है। इसकी जांच करवाई जाएगी। जहां तक वनरक्षकों को हथियारों से लैस करने की बात है, यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिन वनरक्षकों को हथियार चाहिए, वे आवेदन कर मांग कर सकते हैं।
सरकार ने शुरू की है होशियार हेल्पलाइन
सरकार ने होशियार हेल्पलाइन शुरू की है ताकि आम लोगों की वन माफिया के खिलाफ शिकायत आसानी से पहुंच सके। जयराम सरकार ने सत्ता में आने के बाद यह हेल्पलाइन शुरू की है।