मरम्मत के वक्त विद्युत लाइन में दौड़ा करंट, जेई समेत पांच झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विद्युत लाइनों की मरम्मत में जुटे रिटायर जेई सहित पांच विद्युत कर्मी करंट की चपेट में आने से झुलस गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल रिटायर जेई और एक अन्य कर्मी को ऊना अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि, तीन घायल मैहतपुर अस्पताल में भर्ती हैं।
मामला हिमाचल के जिला ऊना का है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सोमवार दोपहर 12 बजे सब स्टेशन मैहतपुर में विद्युत कर्मचारी विद्युत लाइनों की मरम्मत कर रहे थे।
विद्युत बोर्ड से सेवानिवृत्त जेई रामपाल भी विद्युत लाइनों को ठीक करवाने में कर्मियों का सहयोग कर रहे थे कि अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। जेई सहित विद्युत कर्मी राज कुमार, तिलकराज, अमरजीत तथा धर्मपाल करंट की चपेट में आ गए।
अस्पताल पहुंचाए गए सभी घायल
सब स्टेशन में मौजूद अन्य विद्युत कर्मियों ने आनन-फानन में बिजली की सप्लाई बंद की, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। करंट की चपेट में आए सभी कर्मियों को स्थानीय स्तर पर इलाज दिलाया गया। इनमें से रिटायर्ड जेई रामपाल व राज कुमार को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया।
उधर, सूचना मिलते ही विद्युत बोर्ड के जेई डीआर धीमान भी अस्पताल पहुंच गए और घायलों का हाल-चाल जाना। वहीं, एसडीओ सतीश ठाकुर ने कहा कि मरम्मत के दौरान क्या लापरवाही बरती हुई और हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जाएगी। उनकी जानकारी के मुताबिक मरम्मत के दौरान विद्युत लाइनों की सप्लाई बंद की गई थी।