Baddi Fire: बद्दी में एक उद्योग के स्क्रैप यार्ड में लगी आग, लाखों का नुकसान
बद्दी में एक दवा फैक्ट्री के स्क्रैप यार्ड में आग लग गई है। जिससे पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया है। आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के थाना गांव में एम राउफ एंटरप्राइजेज कंपनी के यार्ड में रखे कबाड़ में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। आग लगने का कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आधा दर्जन से अधिक फायर टेंडर आग बुझाने के लिए लगाए गए। वहीं, कंपनी के पास अपना कोई फायर टेंडर नहीं था, जिससे आग फैल गई। थाना गांव में एम राउफ एंटरप्राइजेज कंपनी है। इस कंपनी के प्लॉट में प्लास्टिक दाना, प्लास्टिक के ड्रम, शेंपू और केमिकल के ड्रम रखे हुए थे। यहां से अन्य स्थानों पर सप्लाई जाती थी।
लाखों के नुकसान का अनुमान
इसके अलावा यहां पुरानी मशीनरी और कबाड़ रखा था, जो आग की भेंट चढ़ गया। सूचना मिलते ही बद्दी से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। उसके बाद आग को ज्यादा फैलता देख नालागढ़, भाटियां स्थित टीवीएस कंपनी, बिरला और वर्धमान कंपनी से भी फायर टेंडर बुलाए गए और चारों ओर से पानी डाल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद आग भड़कती रही। आखिर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से कंपनी को लाखों के नुकसान का अनुमान है।
'कंपनी के सभी रिकॉर्ड जांचे जाएंगे'
बीबीएनडीए की सीईओ सोनाक्षी तोमर भी घटना स्थल पर पहुंची। उन्होंने कहा कि कंपनी के सभी रिकॉर्ड जांचे जाएंगे। कोई कमी पाई गई, तो कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा। चुनाव के बाद सभी कंपनियों में विजिट की जाएगी। जिन कंपनी के पास फायर की एनओसी नहीं होगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसपी अशोक वर्मा और बद्दी के थाना प्रभारी राकेश राय भी घटना स्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। फायर मैन जोगिंद्र सिंह ने बताया कि प्लास्टिक में आग लगने से आग भड़की, जिस पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। कंपनी में हुए नुकसान का आंकलन बाद में किया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.