इस मामले में सरकारी स्कूल स्टाफ, एसएमसी पर होगी एफआईआर
जिला चंबा के सरकारी प्राइमरी स्कूल में चार माह पहले चपरासी द्वारा दो छात्राओं के साथ दुराचार के मामले में स्कूल स्टाफ और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। स्कूल के स्टाफ पर मामले की जानकारी सरकार और जिला प्रशासन से छिपाने का आरोप है।
जिला उपनिदेशक कार्यालय के अधिकारियों पर भी जांच की तलवार लटक गई है। शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन को इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाने को कहा गया है।
दुराचार की शिकार हुई दोनों नाबालिग छात्राएं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित हैं। ऐसे में इस मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज होगा।
जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब
शिक्षा विभाग इस बाबत जिला प्रशासन से मामले की रिपोर्ट आने के इंतजार में है। बहरहाल, विभाग ने जिला प्रशासन को स्वयं इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए हैं।
चंबा के सरकारी स्कूल में चपरासी द्वारा नाबालिगों से दुराचार का मामला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। इस गंभीर मामले को सरकार से छिपाने वाले अधिकारियों के खिलाफ अब कार्रवाई करने की तैयारी तेज हो गई है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी कड़ा संज्ञान लेते हुए सरकार से जवाब तलब किया है। शिक्षा सचिव ने बताया कि जिला प्रशासन से रिपोर्ट आते ही आयोग को इससे अवगत करवा दिया जाएगा।