गुड न्यूज! अब एक क्लिक में जमा होंगे बिजली बिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के लोगों अब बिजली बिल जमा करवाने के लिए कैश काउंटर पर आकर लंबी लाइनों में खड़े नहीं होना पड़ेगा। बिजली बोर्ड ने ऑनलाइन बिल जमा करवाने में अब नेट बैंकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है।
इसके लिए उपभोक्ताओं को सिर्फ 7.50 रुपये ज्यादा देने होंगे। इससे पहले बिजली बोर्ड क्रेडिट और डेबिट कार्ड से ही ऑनलाइन बिल जमा करता था। नेट बैंकिंग की सुविधा देने के लिए बिजली बोर्ड का पेय यू कंपनी से अनुबंध हुआ है।
सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के खातों से उपभोक्ता नेट बैंकिंग के माध्यम से बिजली बिल जमा करवा सकते हैं।
ऐसे जमा होगा बिजली बिल
नेट बैंकिंग से बिजली बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं को www.hpseb.com पर लॉगऑन करना होगा। इसके बाद बिल पेमेंट के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। यहां उपभोक्ता नंबर डालने पर बिल का ऑप्शन आएगा।
इस पर क्लिक करने के बाद बिल पेमेंट के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इस प्रक्रिया के बाद पेमेंट मोड का ऑप्शन आएगा, इसमें नेट बैंकिंग को क्लिक करना होगा। नेट बैंकिंग में उपभोक्ता को अपना बैंक चुनना होगा।
फिर अपना बैंक अकाउंट नंबर और नेट बैंकिंग का पासवर्ड लिखना होगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद बिल जमा हो जाएगा।
थोड़ी कठिन है क्रेडिट, डेबिट कार्ड प्रक्रिया
नेट बैंकिंग के अलावा क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड से भी बिजली बिल जमा हो सकते हैं। इसके लिए पेमेंट मोड पर पहुंचने के बाद क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड की ऑप्शन सेलेक्ट करनी होगी। ऑप्शन सेलेक्ट करने के बाद क्रेडिट या डेबिट कार्ड पर लिखे नंबर, कार्ड बनने और अवधि समाप्त होने का ब्यौरा लिखना होगा।
इसके बाद भी दो जगह पासवर्ड लिखने होंगे। नैट बैंकिंग के मुकाबले यह दोनों विधियां थोड़ी कठिन हैं। आईटी अधिशासी अभियंता संजीव मढ़िया का कहना है कि बिजली बोर्ड का पे मनी कंपनी के साथ नेट बैंकिंग का अनुबंध है।
इसके माध्यम से उपभोक्ता बैंक में खोले गए अपने खाते से भी बिजली बिल की पेमेंट कर सकते हैं। डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भी उपभोक्ता बिजली बिल जमा करवा सकते हैं। नेट बैंकिंग की सुविधा से उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।