नसबंदी के लिए दो महिलाओं के पेट में लगाए चीरे, नहीं किए ऑपरेशन
हिमाचल के क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। शुक्रवार को परिवार नियोजन के ऑपरेशन के लिए बुलाई दो महिलाओं के पेट में चीरे लगा दिए, लेकिन नसबंदी नहीं की गई। बाद में मामला बिगड़ता देख बिना ऑपरेशन किए पेट में टांके लगाकर महिलाओं को तड़पते हुए छोड़ दिया।
बता दें कि स्त्री रोग विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने के चलते महिलाओं के ऑपरेशन के लिए एक अन्य उपमंडल स्तरीय सरकारी अस्पताल से डॉक्टरों को बुलाया गया था, लेकिन तथाकथित नौसिखिए डॉक्टर ऑपरेशन नहीं कर पाए। मरीजों के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से जान भी जा सकती थी। स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
ऑपरेशन सफल न हुआ तो डॉक्टरों ने दूसरी महिला के पेट में भी कट लगा दिया
हमीरपुर और धुंदला से ऊना अस्पताल में ऑपरेशन करवाने आई महिलाओं के परिजनों राजकुमार और वीरबल ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने शुक्रवार को ऑपरेशन के लिए डेट तय की थी। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने के चलते ऑपरेशन के लिए अंब अस्पताल से डॉक्टरों को बुलाया गया।
लेकिन ऑपरेशन के लिए पेट पर कट लगाकर डॉक्टरों की टीम दोनों महिलाओं का उपचार करने असफल रही। उन्होंने बताया कि इस दौरान उक्त डॉक्टर महिलाओं के पेट पर टांके लगा कर उन्हें तड़पते हुए छोड़ कर चले गए।
पीडि़त महिलाओं के परिजनों ने बताया कि पहले एक महिला का ऑपरेशन सफल न हुआ तो डॉक्टरों ने दूसरी महिला के पेट में भी कट लगा दिया, लेकिन दोनों ऑपरेशन नहीं कर पाए। इस मामले में सीएमओ डॉ. रमन कुमार से कई बार संपर्क करने के बावजूद उनका फोन नॉट रीचेबल रहा।
उधर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर विभागीय स्तर पर लापरवाही हुई है तो इसे लेकर सीएमओ और अस्पताल के जिम्मेदार स्टाफ से जवाब तलब किया जाएगा।