शराब की एक बोतल के लिए कर दी साथी मजदूर की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले के पंडोह क्षेत्र में दो नेपाली मजदूरों ने शराब की एक बोतल के लिए साथी के सिर पर डंडे से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद कुछ ही दूर शव को पुल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने एक आरोपी पर साक्ष्य छुपाने और दूसरे पर हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा है। आरोपी सोमवार को अदालत में पेश किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार पंचायत प्रधान नागधार दलीप सिंह ने सुबह करीब सवा आठ बजे पंडोह चौकी को बाडी पुल के समीप शव होने की सूचना दी।
चौकी प्रभारी और सदर थाना एसएचओ सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मजदूर गोविंद राम (43) के शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक व्यक्ति के क्वार्टर से लेकर पुल तक खून के निशान थे।
एक बोतल शराब ऐसे बनी हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार तीनों नेपाली क्षेत्र में एक ठेकेदार के पास मजदूरी करते थे। शनिवार रात को उन्होंने शराब पीने की योजना बनाई। गोबिंद को शराब की चार बोतलें लाने को भेजा। गोबिंद ने ठेके से चार बोतलें खरीदीं, लेकिन एक बोतल रास्ते में ही पी गया।
कमरे में पहुंचा तो एक बोतल कम होने पर साथी मजदूर भड़क गए। तीनों के बीच बहस शुरू हो गई। मुख्य आरोपी कांशीराम (40) गांव गोलजे जिला सिंधुपल चौक भागमति नेपाल ने गोबिंद के सिर पर डंडे से वार कर दिया।
इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दूसरे साथी मजदूर रामगोपाल (50) निवासी नेपाल वर्तमान पता गांव जठेहड़ मंडी के साथ मिलकर शव को क्वार्टर से 200 मीटर दूर बाड़ी पुल के नीचे फेंक दिया।
दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया जाएगा पेश
इसके बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया और रामगोपाल क्वार्टर में जाकर सो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को त्रयाबंला नामक स्थान से गिरफ्तार किया है। एचएचओ सुनील कुमार ने कहा कि दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एसपी गुरूदेव चंद ने कहा कि शराब की बोतल को लेकर पंडोह क्षेत्र में नेपाली मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने यह खुलासा किया है।