पांच दिन में दूसरी बार नकाबपोशों ने पिस्तौल की नोक पर लूटा पेट्रोल पंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांगड़ा जिला में पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर पिछले पांच दिनों में दो पेट्रोल पंपों पर एक ही तरह से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों जगह दो नकाबपोशों ने पिस्तौल की नोक पर रात में पेट्रोल पंपों को लूटा।
फरार होने का तरीका भी एक ही जैसा है। रविवार रात थाना शाहपुर के द्रम्मण में पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से शातिर 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इससे पहले 21 मई की रात को जवाली थाना क्षेत्र के 32 मील के पास कुठेड़ पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से 50 हजार रुपये लूटे थे।
दोनों वारदातों के बाद आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। हाईवे पर एक ही तरह की वारदातों के बाद पेट्रोल पंप मालिकों, दुकानदारों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पिस्तौल दिखाई और उससे 40 हजार रुपये छीन लिए
पुलिस के अनुसार रविवार रात दस बजे दो नकाबपोश द्रम्मण के हर्ष इंटरप्राइजेज पेट्रोल पंप पर आए। एक ने टोपी, लाल रंग के जूते पहने थे। दोनों ने कपड़े से अपना मुंह ढका हुआ था।
वे सीधे पेट्रोल पंप के दफ्तर में घुसे और वहां मौजूद सेल्समैन शिव कुमार निवासी भाली और एक अन्य कर्मचारी को पिस्तौल दिखा कर 40 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी पैदल ही वहां से निकले और आगे सड़क में पार्क अपनी गाड़ी से कोटला की तरफ फरार हो गए।
अब पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सूत्र बता रहे हैं कि पुलिस कुठेड़ में हुई लूट के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मिलान कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों वारदातों में कहीं इन्हीं आरोपियों का तो हाथ नहीं है।
उधर, शाहपुर थाना प्रभारी हेमराज शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। डीआईजी संतोष पटियाल ने इसकी पुष्टि की है।