शिमला में पकड़ा गया एटीएम हैंग कर पैसे उड़ाना वाला गिरोह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एटीएम हैंग कर ठगी को अंजाम देने वाले बड़े गिरोह का शिमला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हरियाणा के मेवात के तीन शातिरों को शिमला में घूमते हुए पुलिस ने दबोच लिया। सात माह पहले शोघी के एक एटीएम को हैंग कर ये शातिर 14 हजार उड़ा ले गए थे।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस शातिरों तक पहुंची। पुलिस को संदेह है कि पूरे प्रदेश में हुए इस तरह के मामलों में इस गिरोह का हाथ हो सकता है। दूसरे राज्यों में गिरोह के सक्रिय होने का संदेह पुलिस ने जताया है। पुलिस एटीएम सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी शाहिद (30) तक पहुंची और धर दबोचा।
ये शोघी में घूम रहा था। पुलिस ने फुटेज की मदद से तस्वीरों को शोघी और आसपास बांटा था। लोगों ने इसे पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में इसने दो शातिरों के नाम उगले। इन्हें भी पुलिस ने शहर में घूमते हुए धर दबोचा। इनकी पहचान नकीब खान (30) और मुहम्मद इरशाद (24) हरियाणा, मेवात के रुप में हुई है। पुलिस अधीक्षक शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें 20 अप्रैल तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता रमेश 24 अक्तूबर 2015 को शोघी बाजार स्थित पीएनबी बैंक एटीएम में पैसे निकालने गया।
वहां आरोपी शाहिद पहले से मौजूद था। रमेश ने एटीएम कार्ड को स्वैप किया, मगर दी गई कमांड के मुताबिक एटीएम से दो हजार रुपये नहीं निकले। वह बाहर आ गया। कुछ ही देर बाद उसे अकाउंट से 14000 रुपये निकलने का मेसेज मिला। उसने शिकायत थाना बालुगंज में दी थी।
ऐसे पैसे उड़ाते थे शातिर
शातिर बड़ी चालाकी से अकाउंट से पैसे उड़ाने का काम करते थे। एटीएम में पहले से मौजूद रहते थे। इस दौरान वे दूसरों की मदद करने का ड्रामा रचते थे। कार्ड होल्डर के पासवर्ड को याद कर लेते थे। इसी बीच अगर ट्रांजेक्शन नहीं होती थी तो मदद के लिए आगे आ जाते थे और मशीन को हैंग कर देते थे।
इसके बाद कैंसिल की कमांड काम नहीं करती। वे एटीएम कार्ड धारक को मशीन खराब होने की बात कहकर भेज देते थे। उसके जाते ही मशीन को दोबारा से आर्डर में लाकर याद किया पासवर्ड डालते और अमाउंट डाल कर पैसे उड़ा देते थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिली कामयाबी
पुलिस ने अक्तूबर माह में ही उक्त एटीएम की सीसीटीवी फुटेज निकाल कर ठगी के आरोपी शाहिद की फोटो पूरे शोघी बाजार में बांटी। शुक्रवार शाम को शाहिद को शोघी बाजार में देखा गया। इसकी सूचना थाना बालुगंज को लगी।
आरोपी ने बाजार से कंबल खरीदा। इसी बीच पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने पूछताछ के दौरान क्षेत्र में पहुंचे इसके दो और साथियों को भी खोज कर गिरफ्तार कर लिया।