पेशाब करने उतरा टैक्सी चालक और गाड़ी ले उड़े शातिर, पढ़ें पूरा मामला
हिमाचल के सिरमौर में दिनदहाड़े चालक के सामने से ही एक टैक्सी को चुराने की घटना से लोग सकते में आ गए हैं। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस कार चोरी करने वालों तक नहीं पहुंच पाई है।
ठियोग निवासी वीर सिंह वर्मा टैक्सी चालक है। शनिवार 18 मई को उसकी टैक्सी को दो व्यक्तियों ने ठियोग से गिरिपुल के लिए 2500 रुपये में बुक किया। वह उन दोनों व्यक्तियों को लेकर शाम पांच बजे अपनी टैक्सी एचपी 01 ए 5076 से ठियोग से गिरिपुल की ओर आ रहा था।
शिलाबाग से थोड़ा आगे उन्होंने पानी भरने के लिए करीब सवा छह बजे गाड़ी रुकवाई। दोनों जब पानी भरने उतरे तो चालक भी कार स्टार्ट रखकर पेशाब करने उतरा। इसका फायदा उठाकर दोनों कार को लेकर फरार हो गए।
वीर सिंह वर्मा ने बताया कि उसने इस घटना की सूचना अपनी पत्नी को दी। उसे ठियोग थाने में जाकर सूचना देने को कहा। इसके बाद उसने पीछे से आ रही पिकअप में लिफ्ट ली और लोगों से राजगढ़ थाने का नंबर लेकर सूचना दी। कार को पकड़ने का आग्रह किया।
वह करीब साढ़े सात बजे यशवंत नगर पहुंचा और पुलिस चौकी में सूचना दी। वीर सिंह वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सोलन पुलिस को सूचना तो दी, लेकिन अज्ञात लुटेरे परवाणू से बाहर निकलने में कामयाब हो गए। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने यदि मुस्तैदी से कार्य किया होता तो कार पकड़ी जा सकती थी।
उसने मांग की कि पुलिस कार चुराने वालों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करे। डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने बताया कि वीर सिंह वर्मा ने इसकी सूचना जब तक पुलिस को दी तब तक कार गिरि पुल से निकल चुकी थी।
पुलिस ने जिला सोलन पुलिस को तुरंत मैसेज कर दिए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वीर सिंह वर्मा को वीरवार को बुलाया है और उससे विस्तृत जानकारी हासिल कर पुलिस आगामी जांच को सही दिशा में बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस शीघ्र चोरों को पकड़ने में कामयाब होगी।