दरिंदगी! मां की ममता तार-तार, झाड़ियों में मिला नवजात का शव
सड़ी गली अवस्था में मिले नवजात के शव से मां की ममता तार-तार हो गई है। हिमाचल के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के तहत आने वाले हरिपुरखोल में एक नवजात का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। साथ ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मामला मंगलवार का है। जानकारी के अनुसार हरिपुरखोल में सड़क की सफाई व अन्य मरम्मत कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगी थी।
इस दौरान सफाई कर्मचारियों को तेज दुर्गंध का सामना करना पड़ा। इसके बाद कर्मचारी दुर्गंध वाले स्थान पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने देखा कि एक नवजात के शव से यह दुर्गंध आ रही है।
लिहाजा, कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किस महिला ने अपने नवजात को यहां पर गिराया। ऐसे में पुलिस के लिए यह पहेली सुलझाना बड़ी चुनौती है।
बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पांवटा के डीएसपी प्रमोद चौहान ने बताया कि हरिपुरखोल के जंगल में एक नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला है। नवजात का शव आईजीएमसी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।