हत्या कर दुकान के आगे फेंकी युवक की लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बैजनाथ के समीपवर्ती गांव मंधोल में हत्या कर युवक की लाश दुकान के आगे फेंक दी गई। युवक की पहचान सौरभ राणा (26) पुत्र संत राम निवासी हार तड्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उपमंडलीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह लोगों ने गांव में ही बंद पड़ी एक दुकान के आगे युवक का शव पड़ा देखा।
इस संबंध में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। युवक के सिर और बाजू पर चोट के निशान पाए गए। युवक महाकाल में टैक्सी चलाता था और परिवार का इकलौता था। युवक के परिजनों ने हत्या का शक जाहिर किया है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर तथ्यों को जुटाने के साथ गांव के लोगों से गहनता से पूछताछ की है।
बाद में तीन चार लोगों को पुलिस ने थाने में तलब किया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि रविवार देर रात को घटना को अंजाम देने के बाद शव को गांव में स्थित दुकान के बाहर फेंक दिया। उधर, डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लिफ्ट देकर लूट लिए 47 हजार रुपये
करसोग (मंडी)। क्षेत्र के न्यारागली में रात करीब दस बजे एक ट्रक चालक को लिफ्ट देकर तीन लोगों ने लूट लिया। ट्रक चालक को तीनों ने पहले मिलकर पीटा और फिर उससे नकद 47 हजार रुपये लूट लिए। ट्रक चालक की शिकायत पर करसोग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल में ट्रक चालक से मारपीट की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार खेमराज पुत्र नंदलाल निवास कलहणी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रात करीब दस बजे वह ट्रक से ईंटे उतारने के बाद वापस करसोग आया और कंडक्टर को ट्रक साइड में लगाने को दिया। जब कुछ देर बाद ट्रक न दिखा तो उसे ढूंढते हुए न्यारागली पहुंच गया। जहां उसे नैनो कार मिली। कार में एक परिचित व्यक्ति हितेश के होने पर वह बैठ गया। कुछ देर बातचीत होने के बाद हितेश ने उसकी कलाई में पहने कड़े को जबरदस्ती खोल दिया।
इसके विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हुई और इस दौरान हितेश के अन्य साथी मौके पर आए और तीनों ने मिलकर पिटाई कर दी। इस दौरान उससे 47 हजार रुपये नकद और एक चांदी की अंगूठी भी छीन ली।
इसके बाद उसे कार से फेंक दिया। तीनों आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। मामले में एएसआई भोम प्रकाश जांच कर रहे हैं। इस संबंध में एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।