मनाली घूमने आई विदेशी महिला की टैक्सी चालक ने लूट ली आबरू, ले गया इस बहाने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काजा से मनाली पहुंची एक 30 वर्षीय जापान की युवती से कुल्लू के समीप अस्थायी नंबर की कार में चालक ने दुराचार किया। मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना 30 मई शाम की है जबकि पुलिस को 31 मई देर रात को शिकायत मिली।
मामले में शनिवार को शिनाख्त परेड होगी। जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जापान की एक युवती 29 मई को काजा से मनाली देर रात पहुंची। यहां होटल में रात्रि विश्राम के बाद सुबह धर्मशाला जाना चाहती थी लेकिन बस मिस हो गई।
पूछताछ पर बस शाम चार बजे जाने की सूचना मिली। इस पर एक टैक्सी चालक ने उसे स्थानीय पर्यटन स्थलों में घूमाने का ऑफर दिया। दिनभर मनाली के आसपास पर्यटन स्थलों में घूमे। सोलंगनाला से वापसी पर जाम होने के कारण वह देरी से बस स्टैंड पहुंचे तो बस रवाना हो गई थी।
पूछताछ पर पता चला कि अब कुल्लू से देर शाम आठ बजे बस रवाना होगी जिस पर वह इसी कार में सवार होकर कुल्लू के लिए निकल पड़ी। टैक्सी चालक ने जापानी युवती को कुल्लू ले जाने के बजाय कुल्लू के समीप एक जंगल में कार रोकी और यहां दोनों ने बीयर का सेवन किया। यहां कार चालक ने युवती के साथ कार में ही दुष्कर्म किया।
कोई ठोस सबूत नहीं मिले
कुल्लू पहुंचकर चालक ने और बीयर का सेवन किया। इसके बाद 30 मई की रात्रि को ही कार चालक पीड़िता को मनाली करीब दो बजे छोड़ गया। 31 मई की रात्रि को पीड़िता मनाली पुलिस थाना पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। पीड़िता को हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं का बेहद कम ज्ञान है। साथ ही उसे कार का नंबर, प्लेट पीली या सफेद समेत अन्य जानकारी भी नहीं थी।
ब्लाइंड केस में सिर्फ सफेद रंग की कार में महिंद्रा नेवीगेटर होने की जानकारी पीड़िता के पास थी। पीड़िता ने चालक का नाम दीपक बताया है। सीसीटीवी की मदद से केस में कोई ठोस सबूत हासिल नहीं हो पाए हैं। पुलिस जांच की मदद से मामले में एक 38 वर्षीय व्यक्ति को शक के आधार पर गिरफ्तार किया है।
कार को जब्त कर लिया गया है। युवती का कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है। वहीं गिरफ्तार किए गए संदिग्ध को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले में जांच का जिम्मा आईपीएस प्रोबेशनर अभिषेक यादव को दिया गया है।
एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि कार की एफएसएल टीम से जांच परख करवाई जाएगी। एंबेसी को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में जांच जारी है। शिनाख्त परेड के बाद ही मामले में अधिक जानकारी साझा की जा सकती है। उन्होंने शनिवार शाम तक मामले के स्पष्ट होने की उम्मीद जाहिर की है।