24 घंटे बाद उतारा पेड़ से लटका शव, फोरेंसिक टीम ने लिए सैंपल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के चंबा जिले के बरौर के डबोला गांव में पेड़ पर लटके छात्र का शव करीब 24 घंटे बाद फोरेंसिक टीम के पहुंचने पर रस्सी काटकर उतारा गया। इस दौरान मृतक के परिजन, ग्रामीण और पुलिस बल भी मौजूद रहा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया।
यहां एक्सपर्ट ने तर्क दिया कि उन्हें इस प्रकार के पोस्टमार्टम करने की अभी अनुमति नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में न लैब का बंदोबस्त है और न इक्यूपमेंट की पूरी सुविधा है। इसके चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
पुलिस और परिजन शव को टांडा ले गए। दो अगस्त को दिनेश बिजलवान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरौर में परीक्षा देने गया था। इसके बाद लौटकर नहीं आया। बेटे का रिश्तेदारों के यहां पता करने पर कोई भी सुराग न मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।
फोरेंसिक जांच की मांग पर अड़े रहे परिजन
रविवार को दिनेश के परिजन पुलिस थाना चंबा में बेटे को तलाश करने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद पुलिस ने चार टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू की। दोपहर करीब ढाई बजे बरौर नाला के पास युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को शव पेड़ से नहीं उतारने दिया। वे फोरेंसिक जांच की मांग पर अड़े रहे।
इसी के चलते फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। यह टीम सोमवार दोपहर बाद पहुंची। टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। चंबा-पठानकोट मार्ग पर जगह-जगह ल्हासे गिरने से टीम को आने में परेशानी हुई। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल की फोटोग्राफी की।
शव से पेड़ के फासले की लंबाई नापी। शव के पास पड़े पेपर बोर्ड को भी कब्जे में लिया। जुटाए सभी तथ्यों पर टीम पूरी बारीकि के साथ फोरेंसिक लैब में जांच करेगी। फोरेंसिक टीम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने पेड़ से लटकी रस्सी को काट कर शव नीचे उतारा। अब फोरेंसिक और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही छात्र की मौत की गुत्थी का राज खुलेगा।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।