आग की लपटों में जिंदा जली 6 साल की मासूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्राम पंचायत पनसाई के अंतर्गत डोहग गांव में 13 झुग्गियों में आग लग गई। आगजनी में छह वर्षीय मासूम बच्ची झोंपड़ी में जिंदा जल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोहग गांव में स्थित प्रवासी लोगों की झोंपड़ियों में दोपहर बाद साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
झोंपड़ी के अंदर सोई छह वर्षीय मासूम बच्ची किरण पुत्री लक्ष्मणदास आग की चपेट में आ गई। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई है। इसके अलावा वीरू, निद्या, कामेश्वर, नंदलाल, पद्मा, ललित, अरुण और प्रमोद आदि की झोपड़ियां भी जलकर स्वाह हो गई हैं।
पांच हजार की फौरी राहत
आगजनी की भनक लगते ही लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पंचायत प्रधान मिलाप चंद, उपप्रधान दिनेश कुमार ने भी मौके का जायजा लिया है। हिंद संग्राम परिषद इकाई ग्वालपत्थर ने पीड़ित परिवार को 1100 रुपये का आर्थिक मदद, राशन और अन्य 12 परिवारों को भी राशन भेंट किया है।
सूचना मिलने पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ओपी शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है।
उधर, थाना प्रभारी नादौन जसवीर का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आगजनी में झुलसी बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
नालागढ़ के सिनटैक्स उद्योग में आग
नालागढ़ के भाटियां में पानी की टंकी बनाने वाले सिनटैक्स उद्योग में अचानक लग गई, जिससे दो करोड़ का सामान राख होने का अनुमान है। आग वीरवार सुबह 7 बजे लगी। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
आगजनी के समय उद्योग के फिनिशिंग एंड ग्राइंडिंग विंग में मात्र पांच कामगार काम कर रहे थे जिससे जानी नुकसान होने से बचाव हो गया। 7:15 बजे सूचना मिलते ही दमकल विभाग नालागढ़ व बद्दी की टीमें तीन वाहनों सहित मौके पर पहुंची। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने से उद्योग में करीब 125 टन कच्चा माल, जबकि 50 टन तैयार माल सहित चार मशीनें जल गई हैं।
2.5 से 3 करोड़ रुपए का नुकसान
नालागढ़ भरतगढ़ मार्ग पर भाटियां स्थित उद्योग में जिस जगह पर आग लगी है, उस क्षेत्र में कच्चा व तैयार माल सहित मशीनरी थी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक मशीनरी, कच्चा व तैयार माल आग की चपेट में आ गया था। उद्योग प्रबंधक केएस विनायक ने कहा कि आग लगने से 2.5 से 3 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
दमकल विभाग के उप अग्निशमन अधिकारी खेम सिंह ने कहा कि उद्योग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब 2 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि 10 करोड़ की अन्य संपत्ति जलने से बचा ली गई है।