दूरदर्शन केंद्र शिमला के अधिकारी के घर, दफ्तर में सीबीआई की रेड
हाल ही में दूरदर्शन केंद्र शिमला के कार्यालय में छापामारी के बाद अब सीबीआई ने केंद्र के आलाधिकारी के घर और दफ्तर में रेड मारी है। वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इस मामले में सीबीआई टीम कुछ दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले गई है।
सूत्रों के अनुसार सीबीआई की 10 सदस्यीय टीम ने सोमवार सुबह सबसे पहले दूरदर्शन केंद्र के अधिकारी के दफ्तर में दस्तक दी। टीम सुबह करीब आठ बजे ही पहुंच गई। कमरे में अधिकारी न होने पर टीम को अंदर नहीं जाने दिया गया।
सीबीआई टीम के छह सदस्य अफसर के सरकारी आवास में पहुंच गए और रिकॉर्ड खंगाला। बताया जा रहा है कि सरकारी आवास से भी टीम ने कुछ रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया है।
दफ्तर में भी खंगाला रिकॉर्ड
दोपहर 12 बजे जैसे ही केंद्र का आला अधिकारी अपने दफ्तर पहुंचा तो सीबीआई की टीम ने उनकी मौजूदगी में दफ्तर से भी रिकॉर्ड खंगाला। मामले से जुड़े सभी दस्तावेज खंगालने के बाद सीबीआई टीम दोपहर दो बजे वापस लौट गई।
गौरतलब है कि दूरदर्शन केंद्र शिमला पर फिल्माए सीरियल और अन्य कार्यक्रम प्रसारित करने के एवज में एक ही डिस्ट्रीब्यूटर को करोड़ों रुपये की रॉयल्टी जारी करने का आरोप है। मामले में केंद्र के बड़े अफसर सीबीआई के निशाने पर हैं। जल्द ही इस मामले में अफसर से भी पूछताछ हो सकती है।