चोरी की गाड़ी में चलती थी मस्ती की ‘पाठशाला’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला के उपनगर टुटू में कुछ बिगड़ैल स्कूली छात्र गाड़ी सीखने का शौक पूरा करने के लिए कई दिनों से कारों को चुरा रहे थे। सभी आरोपी बड़े घरों के लाडले बताए जा रहे हैं। गाड़ियां चुराने के बाद मौज-मस्ती की और जहां पर पेट्रोल खत्म हुआ उसे छोड़कर फरार हो जाते।
बालूगंज पुलिस को इन छात्रों ने कई दिनों से परेशान किया हुआ था। मगर शुक्रवार रात को जब इन छात्रों ने विजयनगर से मारुति एस्टीम कार को चुराया तो इनकी करतूत का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने चारों छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें पकड़ लिया है। आरोपियों में दो नाबालिग छात्र भी शामिल हैं। सभी छात्र बारहवीं कक्षा के छात्र हैं।
सुबह देखना तो गायब होती थीं कारें
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात को विजयनगर में स्थानीय निवासी हेमराज ने मारुति एस्टीम गाड़ी को सड़क के किनारे पार्क किया। मगर सुबह जब वह गाड़ी लेने के लिए आए तो वह गायब थी। यहां वहां काफी तलाश करने के बाद भी जब गाड़ी का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने जतोग चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम- पुलिस के अनुसार छात्र देर रात उस समय वारदात को अंजाम देते थे जब सड़कें सुनसान हो जाती थीं। गाड़ियों को खोलने के लिए लोहे की छड़ या स्केल का इस्तेमाल करते थे। वहीं कई मामलों में दूसरी गाड़ियों की चाबियों से वाहनों को खोला जाता था।
मारुति कार को बनाते थे ज्यादा निशाना
ज्यादातर मामलों में मारुति कार को खोला जाता था। इसके बाद किसी दूसरी चाबी या बैटरी से सीधे गाड़ी को स्टार्ट करने के बाद आरोपी जुब्बहड़ट्टी सहित अन्य सुनसान सड़कों की तरफ निकल जाते थे। यहां वहां मौज मस्ती करने के बाद कई बार गाड़ियां दोबारा से मौके पर ही पार्क कर दी जाती थी। मगर पेट्रोल खत्म होने पर उन्हें उसकी जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस के पास इससे पहले टुटू क्षेत्र से ही तीन गाड़ियों के गायब होने की शिकायतें आ चुकी थी। बाद में वाहनों को रिकवर कर लिया था।
कई दिन से आ रही थी शिकायतें- पुलिस के अनुसार लोगों की गाड़ियां गायब होने की कई शिकायतें पिछले कई दिनों से उनके पास आ रही थी। मगर छात्र इस चालाकी से वारदात देते थे कि उनके हत्थे नहीं चढ़ रहे थे। हालांकि गाड़ियां काफी तलाश के बाद यहां वहां सड़क के किनारे से मिल जाती थी। पुलिस ने रात्रि गश्त भी बढ़ाई। मगर छात्र बड़ी चालाकी से गाड़ियों में छिपकर वारदात को अंजाम देते रहे।
ऐसे पकड़े गए शातिर छात्र
हर बार की तरह इस बार भी चारों आरोपियों ने विजय नगर से गाड़ी को पहले दूसरी गाड़ी की चाबी से खोला और उसे स्टार्ट करने में भी कामयाब हो गए। इसके बाद इस गाड़ी को यह जुब्बड़हट्टी मार्ग पर ले गए और मौज मस्ती करने के बाद सुबह के समय वापस टुटू रेलवे स्टेशन के समीप छोड़ गए।
इसी दौरान छात्रों ने रास्ते में तीन गाड़ियों को भी टक्कर मारी। पुलिस के पास शिकायत पहुंची। वह काफी समय से इनकी तलाश में थी। सूत्रों से बालूगंज पुलिस को छात्रों के बारे में जानकारी मिली और चारों को धर दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया और माना कि वह गाड़ी सीखने के लिए पिछले कई दिनों से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। नाबालिग होने के कारण दो छात्रों को जमानत पर छोड़कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
एएसपी भजन नेगी ने बताया कि टुटू क्षेत्र में गाड़ी सीखने के लिए गाड़ियां चुराने वाले चार छात्रों को पकड़ा गया है। सभी छात्र कई दिनों से सड़क किनारे पार्क होने वाले वाहनों को चुराकर ले जाते थे। नाबालिगों को जमानत पर छोड़कर अन्यों से पूछताछ की जा रही है।