रिटायर्ड एक्सईएन की हत्या कर लूटा घर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कांगड़ा जिले के ज्वालाजी तहसील के अंतर्गत आने वाली बोहण भाट्टी पंचायत के गंजुए दा बाग गांव में आधी रात को लुटेरों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति पर जानलेवा हमला करने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूटपाट की घटना में लुटेरों ने आईपीएच विभाग के सेवानिवृत्त एक्सईएन धर्मवीर धर्माणी पुत्र मेहरचंद की हत्या कर दी जबकि उनकी पत्नी संतोष धर्माणी गंभीर रूप से घायल हैं।
लूट को हादसे का रूप देने के बाद लुटेरों ने घर के किचन से तीन सिलेंडर बेडरूम तक लाए। तीनों सिलेंडरों की पाइपें खोलकर लुटेरों ने आग लगा दी ताकि पूरा घर जल जाए। इसके बाद लुटेरे महिला के हाथ से कंगन उतार कर घर के बाहर खड़ी मारुति 800 कार (नंबर एच पी 11 0010) को लेकर फरार हो गए।
वारदात के वक्त अकेला था बुजुर्ग दंपत्ति
वारदात करीब 12 और 12:30 बजे के बीच में हुई बताई जा रही है। वारदात के वक्त घर में बुजुर्ग दंपत्ति अकेला ही था। दंपत्ति का बेटा पंजाब में रहता है। बताया जा रहा है कि लुटेरे घर की दूसरी मंजिल पर बने दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। दूसरी मंजिल पर चढ़ने के लिए लुटेरों ने घर के बाहर पड़ी सीढ़ी को जरिया बनाया।
पुलिस को दिए बयान में घायल संतोष धर्माणी ने बताया कि रात करीब 12:30 उसे होश आया तो बेडरूम में धुंआ फैला हुआ था। कमरे में आग लगी हुई थी। उसने बेड पर पड़े अपने पति को उठाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं उठे। फिर बाहर निकल कर गेट का ताला खोला और शोर मचाया।
सिर पर किया चार बार हमला
शोर सुनकर पड़ोसी घर में आए और आग बुझाई। सूचना मिलते ही थोड़ी देर बाद 1:05 बजे एसएचओ सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम और फायर बिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को सेवानिवृत्त एक्सईएन धर्मवीर धर्माणी बेड पर मृत अवस्था में मिले।
इनके सिर पर तेजधार हथियार से वार किए गए थे। घायल महिला संतोष देवी को स्थानीय लोगों के साथ सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में पहुंचाया गया। वहां पर ड्यूटी पर तैनात डा. सतिंद्र वर्मा ने घायल का उपचार किया। उन्होंने बताया कि संतोष देवी को बाईं ओर सिर पर चार वार किए गए हैं।
फोरेंसिक टीम ने लिए सैंपल
उनका पैर भी जला हुआ है। लेकिन, वह अब खतरे से बाहर हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक धर्मशाला कपिल शर्मा और डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने मौका स्थल का दौरा किया। फोरेंसिक टीम के अधिकारियों अजय सहगल और अजय राणा ने मौके पर से सबूत जुटाए गए। वहीं, गुप्तचर विभाग की टीमें भी ज्वालामुखी में मौका स्थल पर पंहुच गईं।
हर पहलू को ध्यान में रखकर कर रहे जांच: डा. शिव कुमार-जिला पुलिस प्रवक्ता डा. शिव कुमार ने बताया कि घायल महिला के बयान पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 302, 392, 460, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।