शिक्षकों को वीरभद्र सिंह की नसीहत, फटकार भी लगाई
शिक्षक राजनीति के चक्कर में न पड़ें। वे बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें। शिक्षक अपना काम सही ढंग से पूरा करेंगे तो सरकार खुद उनके हित सुरक्षित कर लेगी। यदि वे राजनीति ही करना चाहते हैं तो शिक्षा जैसे पवित्र पेशे से हट जाएं।
यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने चंबा दौरे के दौरान कही। उन्होंने स्कूलों में सेवारत शिक्षकों को नेताओं की चाकरी छोड़ बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की नसीहत दी।
कहा कि सरकार ने शिक्षा की जरूरत के मद्देनजर शिक्षकों की तैनाती की है, लेकिन कुछ शिक्षक असली मकसद से भटक कर राजनीति के चक्कर में पड़ गए हैं। इससे स्कूलों का माहौल खराब होने के साथ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
लव जिहाद पर भी बोले सीएम
सीएम ने यह बात उस समय कही, जब जगह-जगह स्कूल प्रबंधन समिति, पीटीए और अन्य शिक्षक संघों के प्रतिनिधिमंडल उनके स्वागत को पहुंचे रहे थे। चंबा दौरे के दौरान उनसे मिलने वाले प्रतिनिधिमंडलों में सबसे ज्यादा संख्या शिक्षकों की रही।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बार फिर लव जिहाद पर सीधा हमला बोला। कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई मामला नहीं है और वह पहले ही साफ कर चुके हैं। भाजपा को प्रदेश की अखंडता भंग करने का अवसर किसी भी सूरत में नहीं दिया जाएगा।
प्रदेश में सरकार ने धर्मांतरण के लिए कानून बना रखे हैं। यहां जबरन धर्म परिवर्तन नहीं हो सकता। लव जिहाद जैसी अफवाह भाजपा की फैलाई है। उन्होंने लोगों से ऐसे अफवाहों से सचेत रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान चुराह उपमंडल में 132 केवी सब स्टेशन, ओपीडी भवन और पीएचसी जसौरगढ़ का उद्घाटन किया।