लाहौल पहुंचे सीएम वीरभद्र सिंह ने लगाई घोषणाओं की झड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सरकार भूमिहीन लोगों को नौतोड़ भूमि देने पर विचार कर रही है, परंतु लोग इसे घर बनाने के लिए उपयोग न करें। लाहौल घाटी के दौरे के दौरान शुक्रवार को दूसरे दिन सीसु में जनसभा के दौरान सीएम ने कहा कि सीसु गांव पर्यटक गांव के रूप में जाना जाता है।
सरकार इसे विकसित करने को हरसंभव प्रयास करेगी। रोहतांग सुरंग बनने के बाद पर्यटकों को लाहौल घाटी का सीयु गांव आराम और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थल होगा। उन्होंने अधिकारियों को कूहलों के रखरखाव में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीसु में खेल मैदान को विकसित करने के साथ झील का सुंदरीकरण और उसे विकसित करने की घोषणा की। तेलिंग से मुलिंग तक 40 किमी दायरे में बर्फबारी से खराब खंभों को शीघ्र बदलने के बिजली बोर्ड को निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों की मरम्मत को भी कहा।
कोकसर में एलोपैथी औषधालय तथा 33 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने, केलांग जिला अस्पताल में लिफ्ट सुविधा उपलब्ध करवाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बाघा नदी पर गमलिंग में 1.86 करोड़ से बनने वाले पुल की आधारशिला रखी।
गांव में जाकर सुनी लोगों की समस्याएं
कोलोंग, जिस्पा तथा दारचा गांव का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं। प्रशासन को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। चंद्रा नदी पर निर्माणाधीन मुलिंग पुल का निरीक्षण किया। सीएम ने गोंढाला तथा सीसु में भी जनसमस्याएं सुनीं। केलांग में रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ किया।
विधायक एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जन जाति आयोग के उपाध्यक्ष रवि ठाकुर तथा वूल फेडरेशन के अध्यक्ष रघुवीर ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मांगों से अवगत करवाया। रवि ठाकुर ने भूमिहीनों को कृषि उपयोग के लिए नौतोड़ भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
सीसु की प्रधान सुमन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे मशीन स्थापित करने की मांग की। इस दौरान शशि किरण, प्रेम चंद, रपतन बोध, नारबुपॉल, राजेंद्र करपा, सुरेश कारदु, प्यारे लाल, नवांग, दीपक ठाकुर, मुख्य सचिव वीसी फारका, डीसी विवेक भाटिया, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीना आदि मौजूद रहे।