25 योजनाओं के तहत 21,18,651 लोग लाभान्वित हुए : सीएम जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित मुख्यमत्रियों की परिषद की बैठक में भाग लिया। प्रधानमंत्री को राज्य में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न केेंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की प्रगति के बारे में अवगत करवाया गया।
मुख्यमंत्री ने अवगत करवाया कि अभी तक भारत सरकार की 25 योजनाओं के तहत 21,18,651 लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में शत-प्रतिशत विद्युतीकभनरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है।
हालांकि नवनिर्मित आवासों तथा परिसरों को प्रत्येक वर्ष लगभग 40 हजार कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत 6101 घरों को विद्युत कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं और 7055 कनेक्शन अक्तूबर 2018 तक प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थी नेतृत्व निर्माण घटक के तहत 348 घरों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि 2000 घर निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत योजना आरंभ होने से लेकर अभी तक 14110 परिवारों को घर प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त 2018 तक एकत्र डाटा के अनुसार योजना के तहत आवासों के निर्माण में हिमाचल प्रदेश देश का दूसरा राज्य है।
जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में राज्य में 74608 लोगों को लाभान्वित किया गया है और राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में शामिल न होने वाले लोगों की सुविधा के लिए हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना के कार्यान्वयन के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य में अभी तक 525000 लाभार्थियों की पहचान की जा चुकी है।
इन योजनाओं के स्टेटस के बारे में बताया
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, वन रैंक वन पैंशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, राष्ट्रीय आरोग्य निधि, राष्ट्रीय गोकुल मिशन, डीडीयू राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, ग्रामीण कौशल योजना,
आयुष, मौसम आधारित फसल बीमा योजना, स्टैंडअप इंडिया योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा हुनर से रोजगार तक योजनाओं की प्रगति बारे में भी अवगत करवाया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेता, केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बैठक में भाग लिया।
जयराम ने मोदी को बताया, हम लोकसभा चुनाव को तैयार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया कि हिमाचल में भाजपा सरकार लोकसभा चुनाव के लिए तैयार हैं। जयराम ठाकुर विधानसभा के मानसून सत्र के बीच में ही सोमवार को नई दिल्ली चले गए थे। वह बुधवार को शिमला लौट आएंगे।