हिमाचल उपचुनाव: भाजपा के दो बागियों समेत 14 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के दो बागियों सहित पच्छाद और धर्मशाला से सोमवार को 14 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। श्राद्ध और छुट्टी के चलते सभी उम्मीदवारों ने अंतिम दिन ही परचे भरे।
धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया और कांग्रेस के विजय इंद्र कर्ण ने शक्ति प्रदर्शन के बाद नामांकन किए। पच्छाद में भी शक्ति प्रदर्शन के बाद भाजपा से रीना कश्यप और कांग्रेस से गंगू राम मुसाफिर ने नामांकन किया।
यहां भाजपा के दो नेताओं दयाल प्यारी और आशीष सिकटा ने बागी होकर बतौर निर्दलीय प्रत्याशी पर्चे दाखिल किए। पच्छाद में सोमवार को भारी बारिश के बीच सभी प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए।
सबसे पहले मुसाफिर अपने कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान दिनेश आर्य ने कांग्रेस प्रत्याशी के कवरिंग कैंडीडेट के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले मुसाफिर ने राजगढ़ बाजार में शक्ति प्रदर्शन किया।
उनके साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर भी रहे। इसी दौरान राजगढ़ बाजार में शक्ति प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप भी नामांकन दाखिल करने पहुंचीं।
निर्दलीय उम्मीदवार आशीष सिकटा भी अपने समर्थकों के साथ सुबह ही भारी बारिश के बीच राजगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने युवाओं के साथ शक्ति प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
धर्मशाला में नैहरिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सीएम शांता कुमार, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और सांसद किशन कपूर की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पेश किया। कांग्रेस के विजय इंद्र कर्ण ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और चंद्र कुमार चौधरी की मौजूदगी में पर्चा दाखिल किया।
धर्मशाला से ये हैं मैदान में
नाम पार्टी
विशाल नैहरिया भाजपा
विजय इंद्र कर्ण कांग्रेस
मनोहर लाल भारत स्वाभिमान मंच
सुभाष चंद्र शुक्ला निर्दलीय
निशा कटोच निर्दलीय
राकेश कुमार निर्दलीय
चौकस भारद्वाज निर्दलीय
पुनीष शर्मा निर्दलीय
पच्छाद से ये हैं मैदान में
नाम पार्टी
रीना कश्यप भाजपा
गंगू राम मुसाफिर कांग्रेस
दयाल प्यारी निर्दलीय
आशीष सिकटा निर्दलीय
सुरेंद्र कुमार छिंदा निर्दलीय
पवन कुमार निर्दलीय
धर्मशाला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश गज्जू ने कहा कि एक अक्तूबर को नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी। तीन अक्तूबर को नामांकन वापस लेने की तिथि निर्धारित की गई है।