भाजपा नेता ने पूछा, मेरे खोखे पर क्या करने आते थे सीएम वीरभद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के देहरा से विधायक एवं पूर्व मंत्री रविंद्र रवि ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला में जिस दिन दूसरी राजधानी बनाने की घोषणा की तो उसी या उससे अगले ही दिन इसकी अधिसूचना भी सरकार ने जारी कर दी थी।
यह अधिसूचना सरकार ने अपनी वेबसाइट पर भी डाली थी। लेकिन, अपनी ही पार्टी के मंत्रियों और नेताओं के विरोध के बाद दबाव में आने के चलते सरकार ने धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाने की अधिसूचना को वापस लेकर वेबसाइट से भी हटा लिया।
मुख्यमंत्री बताएं कांग्रेस सरकार ने धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाने की अधिसूचना दबाव में आकर आखिर वापस क्यों ली। धर्मशाला में प्रेस वार्ता में रवि ने कहा कि हिमाचल छोटा सा राज्य है। इसलिए, यह उनकी व्यक्तिगत राय है कि धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाने की जरूरत नहीं है।
रवि ने आरोप लगाया कि सीएम नौजवानों और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। 2012 के घोषणापत्र में बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा किया जो पूरा नहीं किया। अब धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाने की झूठी घोषणा कर रहे हैं। रवि ने कहा कि पुनर्गठन के साथ नए जिले बनने चाहिए।
सदन में इस बार दूसरी राजधानी, विपक्ष के विधायकों के खिलाफ सीएम की अभद्र भाषा, बेरोजगारी भत्ता और हिमाचल में आईएस के कथित आतंकी का पकड़े जाने का मामला विपक्ष उठाएगा। रवि ने कहा कि ज्वालामुखी के कथित आत्महत्या मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। धूमल के नेतृत्व में अच्छा काम हो रहा है। मार्च के बाद सभी रूठों को मनाया जाएगा।
पूछा, तो सीएम मेरे खोखे पर क्या करने आते थे?
रवि ने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह ने देहरा में उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कहा था मुझे तब से जानते हैं, जब से मैं राजनीति में ही नहीं था। तो सीएम मेरे खोखे पर क्या करने आते थे?
देहरा में सीयू के नाम जमीन की डिमार्केशन नहीं कर रहा प्रशासन
रवि ने कहा कि देहरा में केंद्रीय विवि के नाम 3400 कनाल भूमि स्थानांतरित हो चुकी है। अब इस भूमि की डिमार्केशन करवाने के लिए सीयू के रजिस्ट्रार ने 25 नवंबर को डीसी कांगड़ा और एसडीएम देहरा को पत्र लिखा लेकिन अभी तक प्रशासन ने भूमि की डिमार्केशन नहीं करवाई।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को देहरा की जमीन की डिमार्केशन करवाने के लिए सख्त मना कर रखा है। रवि ने इस पत्र की कॉपी भी मीडिया में जारी की।