उत्साह, जोश के साथ अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी
‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से मंडी और सिरमौर में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा करवाई। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। आईटीआई मंडी में मंडी, कुल्लू और बिलासपुर से 141 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा में नवीं कक्षा के 33, दसवीं के 49, जमा एक के 30 और जमा दो के 29 बच्चों ने भाग लिया।
परीक्षा देने के लिए मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के दूरदराज क्षेत्रों से बच्चों ने घंटों का सफर तय किया। कई दुर्गम क्षेत्रों के बच्चे परीक्षा देने के लिए शनिवार रात को ही मंडी पहुंच गए थे। परीक्षा शुरू होने का समय सुबह 11 बजे था।
परीक्षा के लिए विद्यार्थियों का उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि वे सुबह 9 बजे ही परीक्षा केंद्र में अपने अभिभावकों के साथ पहुंच गए थे। कई बच्चे सीटिंग प्लान देखकर अपने-अपने कमरों में भी बैठ गए थे।
अभिभावकों ने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन प्रतिभावान बच्चों के लिए मंच प्रदान कर रहा है। यह सराहनीय प्रयास है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर साल यह छात्रवृत्ति परीक्षा करवाई जाती है।
इधर, आदर्श विद्या निकेतन (एवीएन) स्कूल नाहन में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा करवाई गई। नाहन परीक्षा केंद्र के लिए कुल 26 बच्चों ने आवेदन किए थे।
इनमें से कुल 11 बच्चे परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा में स्कूल प्रधानाचार्य केके चंदोला और शिक्षक श्रीकांत अकेला ने सहयोग किया। राजगढ़, शिलाई, सतौन, हरिपुरधार से जैसे दुर्गम क्षेत्रों से बच्चे परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे।