पर्यटन सीजन में कुल्लू-मनाली के लिए एयर डेक्कन की एक और उड़ान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुल्लू-मनाली के लिए इस पर्यटन सीजन में एक और हवाई उड़ान शुरू होने जा रही है। दिल्ली-भुंतर के बाद अब पंद्रह अप्रैल से लुधियाना और भुंतर के बीच भी हवाई सेवा शुरू होगी। पंद्रह अप्रैल से अधिकारिक तौर पर शुरू हो रहे पर्यटन सीजन में एयर डेक्कन का जहाज लुधियाना से भुंतर के लिए रोज उड़ेगा। कंपनी ने उड़ानों का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
20 सीटर जहाज लुधियाना से भुंतर के लिए 45 मिनट का समय लेगा। नई हवाई सेवा शुरू होने से जहां कुल्लू-मनाली के पर्यटन को नए पंख लगेंगे, वहीं कारोबारियों को भी इससे लाभ मिलेगा। कारोबार के लिहाज से लुधियाना की बड़ी मार्केट के रूप में पहचान है। ऐसे में अब कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबारियों को हाई प्रोफाइल पर्यटकों के आने की उम्मीद बंधी है।
अभी तक भुंतर के लिए एयर इंडिया का 70 सीटर जहाज ही दिल्ली से आ रहा था। एयर डेक्कन की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक लुधियाना से जहाज सुबह नौ बजे उड़ान भरेगा और पौने घंटे बाद 9:45 पर भुंतर एयरपोर्ट में लैंड करेगा। भुंतर से 15 मिनट बाद 10:15 बजे वापस लुधियाना के लिए उड़ान भरेगा।
कुल्लू, कांगड़ा और शिमला के लिए हवाई सेवा
भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक एए अंसारी ने कहा कि एयर डेक्कन की नई फ्लाइट का शेडयूल उन्हें मिल गया है। अगले हफ्ते तक एयर डेक्कन का टिकट बुकिंग कार्यालय भुंतर एयरपोर्ट में खुल जाएगा।
इसके लिए उनके अधिकारी कुल्लू पहुंच रहे हैं। उड़ान का किराया इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर, मुख्य संरक्षक देवेंद्र नेगी और कुल्लू-मनाली पर्यटन मंच के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि लुधियाना-भुंतर हवाई सेवा पर्यटन कारोबार के लिए अच्छी खबर है। पर्यटन को बढ़ावा के लिए हवाई सेवाओं को और विस्तार की देने की आवश्यकता है।
हिमाचल में सबसे ज्यादा उड़ानें कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए आती हैं। यहां दिन में चार उड़ानें दो एयर इंडिया और दो स्पाइस जेट की दिल्ली-कांगड़ा के बीच होती हैं।
दोनों कंपनियों के जहाज 70 सीटर हैं। इसके अलावा भुंतर एयरपोर्ट से अभी तक एयर इंडिया की ही 70 जहाज की फ्लाइट दिल्ली-भुंतर के बीच होती है।
एयर डेक्कन की हवाई सेवा शुरू होने के बाद यहां रोजाना दो उड़ानें हो जाएंगी। प्रदेश के तीसरे एयरपोर्ट जुब्बड़हट्टी (शिमला) के लिए भी दिन में सिर्फ एक ही उड़ान है। एयर इंडिया का 35 सीटर जहाज दिल्ली-शिमला के बीच उड़ान भरता है।