Una News: बंगाणा जेल से फरार चोरियों का आरोपी चड़ोली में काबू, दिनभर जंगल में छिपा रहा
आरोपी थाने में बने एक शौचालय की खिड़की तोड़कर भागा था। उसे मंगलवार को तीन दिन का रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने अदालत में पेश करना था। लेकिन उससे पहले ही आरोपी भाग निकला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के थाना बंगाणा से बीते मंगलवार सुबह को फरार हुए विभिन्न चोरियों के आरोपी को पुलिस ने देर रात दबोच लिया। आरोपी को पुलिस ने बुधवार सुबह करीब दो बजे काबू करने में सफलता हासिल कर ली। तीन दिन रिमांड पर चल रहे आरोपी के फरार होने से जिला पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपी की धरपकड़ में लगी रही और उसके काबू में आने पर राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार आरोपी मंगलवार को दिनभर चड़ोली क्षेत्र में संजय वाटिका के नजदीक जंगल में छिपा रहा। इस दौरान उसे घास काटने गई महिलाओं ने देखा और पूछा कि तुम कौन हो और यहां क्या कर रहे हो। इस पर आरोपी वहां से भाग गया।
शक होने पर महिलाओं ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। इसके बाद पुलिस को पहले से अनुमान था कि आरोपी दिन में जंगल से बाहर नहीं आएगा। ऐसे में रात के समय क्षेत्र में विशेष नजर रखी गई। देर रात करीब दो बजे आरोपी ने नलवाड़ी से तलमेहड़ा जोल की तरफ सड़क मार्ग से पैदल चलना शुरू कर दिया। किसी गाड़ी के आने पर वह झाड़ियों में छिप जाता था। चड़ोली में पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में नाका लगाया हुआ था। उन्होंने आरोपी चोर को झाड़ियों से निकलता हुआ देखा। आरोपी ने उन्हें देखते ही एक गहरी खाई में छलांग लगा दी। ड्यूटी पर उपस्थित पुलिस टीम सदस्यों ने भी खाई में छलांग लगा दी और आरोपी चोर को दबोचा लिया।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
आरोपी का मेडिकल करवाने के बाद उसे बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बता दें कि बीते रविवार को अमृतसर से एक चोर को ग्रामवासियों की सहायता से बल्ह क्षेत्र में पकड़ा था। उसके पास गहने और नकदी पकड़ी गई थी और चोर ने इलाके में हुई चोरियों को भी कबूला। एक रात लॉकअप में रहने के उपरांत सुबह चार बजे के करीब उसने मौके पर ड्यूटी दे रहे संतरी से शौचालय जाने का आग्रह किया। संतरी उस चोर को शौचालय में ले गया और दूसरा संतरी गेट के पास ड्यूटी पर तैनात हो गया। शौचालय में कुछ ज्यादा देर लगने पर संतरी ने चोर से शौचालय से बाहर आने की आवाज लगाई। परंतु अंदर से कोई जवाब न आने पर संतरी को शक हुआ। तो उसने दरवाजा खोला और देखा कि वह शौचालय की ग्रिल तोड़कर चोर भाग चुका था।
डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने कहा कि फरार हुए आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया। इसमें स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का पूरा सहयोग किया। कहा कि अदालत के निर्देश अनुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।