जेटली के बाद अब इस नेता को निशाना बनाएगी 'आप'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी दिल्ली में डीडीसीए के बाद अब हिमाचल में एचपीसीए के घोटाले खोलेगी। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को निशाना बनाने वाली पार्टी की नजर अब एचपीसीए अध्यक्ष और बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर पर है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने शिमला में प्रेस वार्ता में कहा कि एचपीसीए के घोटालों का दस्तावेजों के साथ जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।
कोर्ट में विचाराधीन मामलों के अलावा अन्य मामलों को पार्टी जनता के सामने लाएगी। दस्तावेज पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के पास हैं। विशेषज्ञों से सलाह के बाद जेटली और अनुराग के कारनामों को जनता के सामने लाया जाएगा। संजय ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव दिसंबर 2017 में प्रस्तावित हैं, लेकिन परिस्थितियां जल्द चुनाव होने की बन रही हैं। दोनों पार्टियां जनता के हितों से खिलवाड़ कर रही हैं।
जांच कमेटी की रिपोर्ट से भाजपा कर रही गुमराह : संजय
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रही है। दिल्ली सरकार की जांच रिपोर्ट में किसी भी व्यक्ति के नाम का उल्लेख नहीं है। कमेटी ने जांच आयोग गठित करने की सिफारिश की है।
भाजपा यह कहकर लोगों को गुमराह कर रही है कि अरुण जेटली का नाम रिपोर्ट में नहीं है। जांच रिपोर्ट में डीडीसीए के खिलाफ जांच करने को कहा है। जिस समय की जांच मांगी है, तब अरुण जेटली चेयरमैन थे। जेटली को इस्तीफा देना चाहिए। जांच आयोग की रिपोर्ट में अगर जेटली पाक साफ निकलते हैं तो आम आदमी पार्टी उनसे माफी मांग लेगी।
मार्च तक हर बूथ में कमेटियां बनाएगी आप
मार्च 2016 तक आम आदमी पार्टी हिमाचल के सभी बूथों पर कमेटियों का गठन करेगी। सोमवार को शिमला के उपनगर कसुम्पटी में स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने की। सह प्रभारी हर्ष कालरा और प्रदेश संयोजक डा. राजन सुशांत भी मौजूद रहे।
पार्टी के राष्ट्रीय नेता संजय सिंह ने प्रदेश कार्यकारिणी से आह्वान किया कि प्रदेश की सत्ता से अगर भाजपा और कांग्रेस को बाहर करना है तो अभी से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से जनता तंग आ चुकी है। इस दौरान संजय सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।
आम आदमी पार्टी के हिमाचल संयोजक डा. राजन सुशांत ने कहा कि बूथ कमेटियां बनाने के बाद जोन और जिला स्तर पर पार्टी के सम्मेलन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान भी प्रदेश में जोरों से चला हुआ है। पंचायत चुनाव में स्वच्छ छवि के प्रत्याशियों को पार्टी समर्थन दे रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने डीडीसीए के घोटाले को दबाने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री ऑफिस में सीबीआई की छापामारी करवाई। डा. राजन सुशांत ने कहा कि भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर पार्टी प्रदेश में आंदोलन करेगी। पर्यटन क्षेत्रों पर आए संकट को लेकर भी पार्टी हल निकालेगी।