Himachal: शिमला फ्लाइंग स्कवायड के नाम पर नकली इंस्पेक्टर की टीम ने मारा छापा, जानें पूरा मामला
नकली इंस्पेक्टर दुकानदारों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का आईडी कार्ड भी दिखा रहा था। दोनों बिना लाइसेंस कृषि वस्तुएं बेचने वाले किराना और अन्य दुकानदारों की सूची मांग रहे थे।
विस्तार
शिमला फ्लाइंग स्क्वायड के नाम पर हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नकली इंस्पेक्टर की टीम सक्रिय हो गई है। बीते दिन टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापे मारे। फर्टिलाइजर, सीड और दुकान लाइसेंस के साथ विभिन्न वस्तुओं के सैंपल जांचे। खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी दिखाने और रौब जमाने के लिए बाकायदा महिंद्रा बोलेरो में सवार होकर आए थे। वाहन चालक नकली इंस्पेक्टर के साथ दुकानों पर दस्तक दे रहा था। वह अपने आप को सरकारी वाहन एचपी-63 का चालक बता रहा था। नकली इंस्पेक्टर दुकानदारों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का आईडी कार्ड भी दिखा रहा था। दोनों बिना लाइसेंस कृषि वस्तुएं बेचने वाले किराना और अन्य दुकानदारों की सूची मांग रहे थे।
नकली फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने व्यापारियों को ये बताया
अपने साथ एक लेदर का बैग लेकर आए नकली फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने व्यापारियों को बताया कि इस बैग में वस्तुओं को सील करने की पूरी सामग्री है। हाल में निरमंड-आनी में एक दुकान का भी निरीक्षण किया तो वहां पर न दुकान का बोर्ड था न किसी भी प्रकार का लाइसेंस। ऐसे व्यक्तियों से पौने दो लाख तक का जुर्माना वसूलने का प्रावधान है। मामले की जानकारी देते हुए बीएसएल कॉलोनी व्यापार मंडल के प्रधान अश्वनी ने बताया कि इन शातिर लोगों की पुष्टि होते ही जिले के सभी कृषि व्यापारियों को सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से तुरंत अलर्ट कर दिया गया था, जिससे कोई ठगी का शिकार न हो। इन लोगों के बारे में पुलिस और यूनियन को सूचित करने को भी कहा गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
उक्त शातिरों ने नकली आईडी कार्ड से विभिन्न दुकानों पर दस्तक दी। इस बारे में आभास होने पर इनसे आईडी की छाया प्रति और मोबाइल नंबर मौके पर ले लिया गया था। बाद में इनके वाहन और ड्राइवर की संपूर्ण जानकारी जुटा कृषि उपनिदेशक और कृषि निदेशालय शिमला को जांच के लिए भेज दिया है, जिससे मामले की छानबीन कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।-अश्वनी सैनी, प्रेस सचिव, मांडव सीड एंड पेस्टिसाइड एसोसिएशन जिला मंडी