पूरी रात बर्फीले तूफान में फंसे रहे डीसी के परिवार समेत 50 लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहतांग दर्रा में वीरवार को बर्फीले तूफान में लाहौल स्पीति के डीसी विवेक भाटिया के परिवार समेत करीब 50 लोग फंसे रहे। रेस्क्यू दल ने रात लगभग 12:00 बजे डीसी के परिवार को सुरक्षित कोकसर पहुंचाया। हालांकि, बाकी लोगों को शुक्रवार सुबह सुरक्षित निकालकर मनाली भेजा गया।
बर्फीले तूफान में फंसे वाहनों को धक्का देने के लिए गाड़ियों से बाहर निकलना मुमकिन नहीं था। लिहाजा, यात्रियों को भूखे पेट पूरी रात वाहनों के भीतर गुजारनी पड़ी। यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। टैक्सी चालक सुरेश, अमर और विवेक ने बताया कि लाहौल से मनाली जाने वाले लगभग 17 वाहनों को कोकसर में देर रात तक रोका गया।
रोहतांग दर्रा में फंसे उपायुक्त के परिजनों को कोकसर पहुंचाने के बाद ही इन वाहनों को रोहतांग की तरफ छोड़ा गया। यात्री राकेश, अमित, कर्म सिंह ने बताया कि वाहनों का काफिला जैसे ही आधी रात डेढ़ बजे रोहतांग टॉप पहुंचा, वहां बर्फीला तूफान चल रहा था।
बर्फबारी के बीच गुजारनी पड़ी पूरी रात
तूफान के कारण आसपास की बर्फ सड़क पर जमने से गाड़ियों को आगे ले जाने में परेशानी होने लगी। हालांकि 12 वाहन जैसे तैसे वहां से निकलने में कामयाब हुए लेकिन पांच टैक्सियां रोहतांग और राहनीनाला के बीच फंस गईं। यात्रियों को पूरी रात वाहनों के भीतर गुजारनी पड़ी।
शुक्रवार को भी मनाली से लाहौल की तरफ निकले वाहन घंटों राहनीनाला के आसपास फंसे रहे। बीआरओ के कमांडर कर्नल केपी राजेंद्र ने बताया कि बर्फीले तूफान के कारण सड़क बार-बार अवरुद्ध हो रही है। हालांकि, राहनीनाला में गिरे हिमखंड को हटा दिया गया है।
बीआरओ के साथ संपर्क में हैं। लोगों की सुरक्षा सबसे पहले है। यदि परिस्थितियां ठीक नहीं होंगी तो यातायात तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन हर वक्त मुस्तैद है। वीरवार को भी दिन भर कोकसर में गाड़ियां रोकी गई थीं।- विवेक भाटिया, डीसी लाहौल स्पीति