खतरनाक डेंगू ने हिमाचल में दी दस्तक, अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में भी डेंगू ने दस्तक दे दी है। सोलन में 14 और कांगड़ा के धर्मशाला में तीन मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। उधर, प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। सोलन के बद्दी में 14 रोगियों को डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। इन रोगियों के कार्ड टेस्टिंग करने पर रिजल्ट पॉजिटिव निकले हैं। इन रोगियों को प्लेटलेट्स भी कम पाए गए हैं।
बद्दी सीएचसी में पिछले 15 दिन के भीतर 12 रोगियों के कार्ड टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। इसकी रिपोर्ट बना कर विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी है। उधर, बद्दी के भटोली कलां में दो रोगियों मे डेंगू के लक्षण पाए गए। भटोली कलां के 50 वर्षीय राज कुमार और 18 वर्षीय शैंकी डेंगू की चपेट में आए हैं। यह दोनों रोगी पिछले एक सप्ताह से बद्दी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती हैं।
चिकित्सालय प्रभारी डा. मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि यह दोनों रोगी उनके चिकित्सालय में आए थे और यहां पर उनका कार्ड टेस्ट किया गया, जिसमें यह पॉजिटिव पाए गए। अब इन रोगियों के स्वास्थ्य में सुधार है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग से एक महिला कार्यकर्ता उनके चिकित्सालय आई थी, जिससे रिपोर्ट बना कर उन्हें दे दी थी।
सभी अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध
धर्मशाला में भी तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। धर्मशाला अस्पताल में तीन मरीजों को 14 सितंबर को दाखिल किया गया था। तीनों का अलग वार्ड में उपचार चल रहा है। फिलहाल इनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। धर्मशाला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस राणा ने तीन लोगों में डेंगू होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अब इनकी हालत में सुधार है।
डेंगू का एक मरीज धर्मशाला अस्पताल का ही 40 वर्षीय एक कर्मचारी बताया जा रहा है। दूसरी पीड़ित 36 वर्षीय एक तिब्बती महिला बताई जा रही है। पीड़ित धर्मशाला अस्पताल का कर्मचारी करीब 8-10 दिन पहले राजस्थान गया था। वहीं, तिब्बती महिला भी कुछ दिन पहले दिल्ली गई थी। वहीं, तीसरा रोगी युवक हमीरपुर जिले का है। यह गुडगांव में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है।
प्रदेश स्वास्थ्य निदेशक डा. डीएस गुरुंग ने बताया है कि हिमाचल में डेंगू से निपटने के लिए सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। जांच रिपोर्ट और दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मौसम अभी ठंडा चल रहा है। यहां डेंगू फैलने की संभावना कम है। गर्मी में यह रोग ज्यादा फैसता है।