Jassi Murder Case: कपूरथला के जस्सी हत्याकांड में तीन दोषियों को ताउम्र कैद, छह साल पहले मारा गया था 14 साल का जस्सी
11 अप्रैल 2016 को कपूरथला के रोज एवेन्यू वासी नरेंद्रजीत सिंह का 14 वर्षीय बेटा जसकीरत सिंह जस्सी शाम को ट्यूशन पढ़ने गया था। लेकिन वापस नहीं आया। दो दिन बाद 13 अप्रैल को तरनतारन के नजदीक सड़क के किनारे जस्सी का लहूलुहान शव मिला।
विस्तार
पंजाब के कपूरथला शहर में वर्ष 2016 में हुए 14 वर्षीय जसकीरत सिंह जस्सी हत्याकांड में सोमवार को सेशन जज की अदालत ने तीनों दोषियों को ताउम्र कैद की सजा सुनाई। पीड़ित परिवार के वकील राजीव पुरी ने बताया कि 6 साल से जसकीरत का परिवार हत्यारों को सजा दिलाने का इंतजार कर रहा था। अतिरिक्त जिला सरकारी वकील अनिल बोपाराय ने बताया कि सेशन कोर्ट ने दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनने और सबूतों को ध्यान में रखते हुए फैसला सुना दिया है। जस्सी के पिता ने कहा कि उनका जस्सी तो वापस नहीं आ सकता लेकिन हत्यारो को सजा मिलने से मन को सुकून मिल गया है।
ट्यूशन से लौटते समय अगवा हुआ था जस्सी, दो दिन बाद मिली थी लाश
11 अप्रैल 2016 को कपूरथला के रोज एवेन्यू वासी नरेंद्रजीत सिंह का 14 वर्षीय बेटा जसकीरत सिंह जस्सी शाम को ट्यूशन पढ़ने गया था। लेकिन वापस नहीं आया। कुछ देर बाद जसकीरत के पिता को 30 लाख की फिरौती के लिए एक फोन आया। उन्होंने बेटे की सलामती के लिए फिरौती की रकम देने के लिए हां कर दी लेकिन दो दिन बाद 13 अप्रैल को तरनतारन के नजदीक सड़क के किनारे जस्सी का लहूलुहान शव मिला। उसकी एक्टिवा हमीरा के नजदीक मिली थी। मामले को सुलझाने के लिए जिला पुलिस के कई उच्च अधिकारी जुटे रहे। कई दिनों तक कोई सुराग न मिलने के चलते कपूरथला के लोगों ने पीड़ित परिवार के पक्ष में धरने और बाजार बंद कर प्रदर्शन किया था।
सीसीटीवी फुटेज ने हत्यारों तक पहुंचाया
एक सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को हत्यारे तक पहुंचा दिया। जसकीरत सिंह जस्सी के ताया का लड़का पहले दिन से ही परिवार के साथ सहानुभूति दिखाते हुए हर जगह साथ-साथ घूम रहा था। उस पर पुलिस की सुई आकर टिक गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सारा खुलासा हो गया। पुलिस ने यह भी दावा किया कि हत्यारे युवकों में क्राइम पेट्रोल सीरियल देख कर हत्या की साजिश और फिरौती की प्लानिंग की थी। उसी प्लानिंग के आधार पर उन्होंने जस्सी को टारगेट बनाया।
पुलिस ने छानबीन कर दावा किया कि जसकीरत सिंह जस्सी के ताया का लड़का पलविंदर सिंह उर्फ शैली और उसके 2 साथी दोस्त राजविंदर सिंह उर्फ राजा और अर्शदीप सिंह ही जस्सी के हत्यारे हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला अदालत के समक्ष पेश किया। अतिरिक्त जिला सरकारी वकील अनिल बोपाराय तथा एडवोकेट राजीव पुरी ने बताया कि सेशन जज कपूरथला ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और सबूतों को देखते हुए तीनों हत्यारों को ताउम्र कैद की सजा सुनाई।