Jalandhar: कुल्लहड़ पिज्जा फेम दंपती ने गन के साथ डाली वीडियो, केस दर्ज होने पर बोले-खिलौना बंदूक थी
कुल्लहड़ पिज्जा के मालिक सहज व गुरप्रीत कौर ने कहा कि उनके यहां पर मैक्लोडगंज से कस्टमर आए थे। एक बच्चे के पास खिलौना दोनाली थी, जिसको लेकर उनहोंने अपनी वीडियो शूट कर ली।
विस्तार
सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले जालंधर के कुल्लहड़ पिज्जा के नाम से मशहूर दंपत्ति ने हाथों में बंदूक लेकर वीडियो शूट की और सोशल मीडिया पर डाल दी। पोस्ट वायरल होने के बाद थाना डिवीजन नंबर चार की पुलिस ने दंपती पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दंपती पर धारा 188 एक्ट (जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों की उलंघना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दंपती हाथ में राइफल पकड़े हुए एक पंजाबी गाने पर वीडियो बना रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया है।
नकोदर रोड पर लवली स्वीट्स के निकट कुल्लहड़ पिज्जा चलाने वाले सहज व उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर की दोनाली के साथ एक गाने पर हथियार लहराते वीडियो वायरल हो गई। पंजाब सरकार की तरफ से सभी जिलों के डीसी को आदेश दिए गए थे कि अगर कोई व्यक्ति हथियारों को प्रमोट करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उसके बावजूद लोग हथियारों के साथ फोटो खींचकर या वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
कुल्लहड़ पिज्जा के मालिक सहज व गुरप्रीत कौर ने कहा कि उनके यहां पर मैक्लोडगंज से कस्टमर आए थे। एक बच्चे के पास खिलौना दोनाली थी, जिसको लेकर उनहोंने अपनी वीडियो शूट कर ली। जिस वक्त वीडियो शूट हुई, उस समय सरकार का कोई सख्त आदेश नहीं था लेकिन अब अचानक वायरल हो गई, जिसके बाद उन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ मुकेश कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जांच का विष्य है कि दोनाली असली थी या फिर खिलौना था।
गुरदासपुर: हथियार पकड़ सोशल मीडिया पर फोटो डालने वाले पांच पर केस दर्ज
गुरदासपुर पुलिस ने हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालकर गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत ऐसे पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
थाना सिटी के एएसआई बनारसी दास पुलिस पार्टी के साथ जहाज चौक में मौजूद थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक के हाथ में हथियार पकड़कर फोटो वायरल होने का पता चला। आरोपी की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र हंस राज निवासी अंबेडकर नगर के तौर पर हुई। इसी तरह एएसआई अमरीक सिंह गश्त के दौरान काहनूवान चौक पर मौजूद थे। इस दौरान एक युवक के हथियारों के साथ फोटो वायरल हुए, जिससे लोगों के मन में भय का माहौल पैदा हो गया। आरोपी की पहचान बंसा पुत्र सुक्खा मसीह निवासी धारीवाल खिच्चियां के तौर पर हुई।
उधर, थाना तिब्बड़ के एएसआई भूपिंदर सिंह गश्त के दौरान नहर बब्बेहाली पुल पर मौजूद थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक का फोटो हथियारों के साथ वायरल हुआ। आरोपी की पहचान दानी मसीह पुत्र कश्मीर मसीह निवासी तिब्बड़ के तौर पर हुई।
उधर, थाना दीनानगर के एएसआई बलदेव सिंह गश्त के दौरान लाइट वाला चौक में मौजूद थे। इस दौरान आरोपी राजबीर उर्फ बिल्ला पुत्र तिलकराज निवासी झंडेचक्क की फोटो सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ वायरल हुई, जिससे लोगों के मन में भय का माहौल पैदा हो गया। इसी तरह एएसआई रूपिंदर सिंह लाइट वाला चौक में गश्त के दौरान मौजूद थे। इस बीच पता चला कि एक युवक की गन हाथ में पकड़कर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। आरोपी की पहचान बचित्र सिंह उर्फ बिक्का पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी अजीत नगर कॉलोनी के तौर पर हुई। पांचों आरोपियों ने ऐसा कर डीसी के आदेशों का उल्लंघन किया, सभी पर मामला दर्ज हो गया।