गैंगस्टर को छुड़ाने की साजिश नाकाम: पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा भगोड़ा, पेशी पर वारदात को अंजाम देने का था प्लान
जेल में बंद गैंगस्टर अंग्रेज सिंह को छुड़ाने का प्लान अमृतसर पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को पकड़ा है। वहीं, उसके चार साथी फरार हैं।
विस्तार
जेल में बंद गैंगस्टर अंग्रेज सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की साजिश रच रहे भगोड़े आरोपी आकाशदीप उर्फ आकाश को जिला शहरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर अंग्रेज सिंह को पेशी पर ले जाते समय पुलिस पार्टी पर हमला करने की योजना बना रहा था।
मुठभेड़ में आरोपी के पांव में लगी गोली
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में उसके पांव में गोली लगी। घायल आरोपी को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि आकाशदीप पुलिस जिला बटाला के गांव कादियां का रहने वाला है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में सात संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और अदालत उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी है।
हाल ही में उसने साथियों के साथ मिलकर बटाला में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान से पिस्तौल की नोक पर 2.5 लाख रुपये लूटे थे।उन्होंने बताया कि आरोपी और उसके साथियों की योजना थी कि गैंगस्टर अंग्रेज को अदालत में पेशी के लिए ले जाते समय रास्ते में किसी ढाबे के पास पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर उसे छुड़ा लिया जाए। आरोपी अंग्रेज सिंह, भोला हत्याकांड और कोट खालसा हत्याकांड समेत करीब 15 आपराधिक मामलों में जेल में बंद है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पांव में गोली लगी।
पिस्तौल, कारतूस और स्कूटर बरामद
पुलिस कमिश्नर ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल, दो खोल, तीन जिंदा कारतूस और अमृतसर नंबर का स्कूटर बरामद किया है। स्कूटर के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपी के चार अन्य साथियों की पहचान हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।