जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरूवार को सीआरपीएफ काफिले पर आत्मघाती आतंकी हमला हुआ। हमले में 40 जवान शहीद हुए और कई गंभीर रूप से घायल हैं। इस आतंकी हमलेने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद से पूरे देश में रोष व्याप्त है। जगह-जगह पाकिस्तान और आतंकवाद के पुतले फूंके जा रहे हैं। कहीं कोई जैश-ए-मोहम्मद को फांसी पर लटका रहा है तो कहीं कोई पाक के पुतले को कदमों तले कुचल रहा है। गुस्सा इतना कि हर जुबान पर पाकिस्तान को सबक सिखाने और बदला लेने की बातें है। देखें तस्वीरें आगे की स्लाइड्स में...
वाराणसी में कचहरी में अधिवक्ताओं ने पाकिस्तान का पुतला दहन किया और सर्वसहमति से दिन भर न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव भी पेश किया। इसके साथ ही श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया। गोलघर पर भी पुतला दहन किया गया है। डीजीपी के निर्देश के बाद भी सभी थानों पर पुलिस बल और सिपाहियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
पुलमावा में हमले में मारे गये भारतीय जवानों के शहीद होने से मर्माहत वाराणसी के लोगों ने मिर्जामुराद में पाकिस्तान का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध जताया। आक्रोशित काशी के लोगों ने गोदौलिया चौराहे पर पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला फूंक कर अपना आक्रोश प्रकट किया। 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे भी लगाए।
आतंकी हमले के विरोध में जिले भर में प्रदर्शन के साथ ही पाकिस्तान का झंडा फूंका गया। लोगों ने भारत सरकार से पाकिस्तान व आतंकवाद पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, डीजीपी के निर्देश पर पुलिस ऑफिस के साथ ही सभी एएसपी-सीओ कार्यालय, थानों, चौकियों और पिकेट पर 10:30 बजे पुलिस कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखा।
वहीं, चंदौली के एक लाल के शहीद होने से इस जिले में बेहद गुस्सा है। शहीद अवधेश यादव के घर मुगलसराय एसडीएम व सीओ सदर उनके पिता से मिले और सांत्वना दिए। इसके बाद अवधेश के घर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल और एसपी संतोष कुमार सिंह शोकाकुल परिवार का दुख बांटने पहुंचे। एसपी चंदौली ने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मृतक की पत्नी को 20 लाख और माता-पिता को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है। वहीं, गांव के मुख्य संपर्क मार्ग को शहीद अवधेश यादव के नाम पर रखा जाएगा और परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी।