नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ विभिन्न संगठनों के देशव्यापी बंद के चलते नई सड़क से बेनिया, चेतगंज होते हुए लहुराबीर चौराहे तक बृहस्पतिवार की सुबह सड़कों और गलियों में पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहे।
कैमरे की नजर से देखिए बनारस में नागरिकता कानून का विरोध व कानून के राज की मुस्तैदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बंद रही दुकानें, सड़क से भीड़ को हटाती रही पुलिस
नई सड़क, बेनिया, दालमंडी, हड़हा, शेख सलीम फाटक और कोदई चौकी क्षेत्र की दुकानें बृहस्पतिवार को बंद रहीं। दुकानदार दुकानें बंद कर नई सड़क से बेनिया मार्ग पर इकट्ठा थे। दोपहर में एडीजी जोन बृजभूषण ने दुकानदारों से अपील की कि अपनी दुकानों को खोल लें और उन्होंने क्षेत्र में भ्रमण कर सभी से शांतिपूर्ण तरीके से रहने से अपील की। इस बीच एसपी सिटी लाउड हेलर से बार-बार अपील करते रहे कि लोग सड़क खाली कर दें और अपने घर चले जाएं या दुकान में बैठें। डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भारी पुलिस बल के साथ बेनिया से नई सड़क होते हुए गोदौलिया तक रूट मार्च किया, इसके बावजूद भी जगह-जगह लोग खड़े ही दिखे।
दुकानें जबरन बंद कराने वालों की सूचना पुलिस को दें
नई सड़क से बेनिया मार्ग स्थित कुछ दुकानों को सुबह के समय कुछ लोग भीड़ एकत्र कर जबरन बंद करा रहे थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो उनकी खोजबीन शुरू की गई। हालांकि तब तक वह लोग भीड़ के बीच न जाने कहां गायब हो गए थे। इसे लेकर जिला पुलिस की सोशल मीडिया सेल की ओर से अपील की गई है कि दुकानें जबरन बंद कराने वालों से संबंधित वीडियो या फोटो किसी के पास हो तो मोबाइल नंबर 7839857011 पर देने का कष्ट करें। फोटो या वीडियो देने वाले का नाम और पता गुप्ता रखा जाएगा। वहीं, जब इस संबंध में नई सड़क और बेनिया के दुकानदारों ने अनभिज्ञता जताई।
पुलिस का सहयोग करने वाले होंगे सम्मानित
बेनिया और नई सड़क सहित आसपास के क्षेत्र के कई लोगों ने बृहस्पतिवार को पुलिस का खासा सहयोग किया। सड़क से लोगों को हटाने के साथ ही अनावश्यक भीड़ न लगाने के लिए यह चुनिंदा लोग सुबह से शाम तक प्रयासरत रहे।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारियों से ऐसे लोगों को सूचीबद्ध करा कर उन्हें आगामी गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। उधर, एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह लोहता क्षेत्र में थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के साथ डटे रहे। एसपी ग्रामीण ने बताया कि लोहता क्षेत्र का माहौल सामान्य है।
कानून व्यवस्था संबंधी बात हो तत्काल बताएं उच्चाधिकारियों को
लखनऊ में हुए उपद्रव के बाद जिले की शांति और कानून व्यवस्था के लिए थानेदारों को कहा गया है कि अपने क्षेत्र के डिजिटल वालंटियर और संभ्रांत लोगों के लगातार संपर्क में रहें। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सभी धर्माचार्यों के संपर्क में हैं।
स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को कहा गया है कि सूचना संकलन के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। एसएसपी ने चौकी प्रभारियों और थानेदारों को कहा है कि शांति और कानून व्यवस्था से संबंधित कोई बात हो तो उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना देें।
बिना अनुमति के जुलूस निकाल रहे पांच गिरफ्तार
हरहुआ। बड़ागांव थाना के बसनी बाजार में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जुलूस निकाल रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद आलम शेख सहित पांच लोगों को जेल भेजा गया। बसनी गांव के मोहम्मद आलम बिना अनुमति के जुलूस निकाल कर नारेबाजी कर रहे थे। जेल जाने वालों में मोहम्मद आलम, बसनी गांव के पूर्व प्रधान निहालुद्दीन, दर्जीपुर के शेखर व शिवशंकर लाल, रामजी सिंह और लल्लापुर के वंशराज पटेल शामिल हैं।
जिले में लागू है धारा 144, बहकावे में नहीं आएंः जिलाधिकारी
जिले में शांति व्यवस्था के लिए धारा 144 लागू है और किसी को जुलूस, धरना, प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने अपील की है कि किसी बहकावे में न आयें और न ही ऐसे किसी कार्यक्रम में सम्मिलित हों।
एक स्थान पर किसी को भी एक़त्र होने की अनुमति नहीं है। इसके उल्लंघन पर आईपीसी की धारा के अंतर्गत दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय, हास्टल, मदरसा आदि के छात्र-छात्राओं से विशेष अपील की है कि कोई गुमराह करता है तो उसके बहकावे में नहीं आयें, अपने पढ़ाई पर ध्यान दें।
जिलाधिकारी ने सभी मस्जिद के इमाम से अपील की है कि वे अपने धार्मिक परिसर का इस्तेमाल लोगों को राजनीतिक एवं अन्य क्रिया कलापों के लिए कतई उपयोग नहीं होने दें।