स्वतंत्रता दिवस के जश्न में खास दिखने के लिए युवाओं के परिधानों से लेकर चेहरे तक पर देश प्रेम का रंग चढ़ेगा। फैशन और लाइफ स्टाइल को ‘स्वतंत्रता’ के रंग में रंगने में युवा जुट गए हैं। उनका मानना है कि ऐसा करके वे राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं का इजहार करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस : फैशन और लाइफ स्टाइल पर छाया देश प्रेम का रंग
सबसे ज्यादा कसरत पहनावे को लेकर हो रही है। इस दिन युवक सफेद और केसरिया कपड़े पहनते हैं। कहीं कहीं तिरंगे का रंग भी नजर आता है। इसी प्रकार युवतियां भी कुछ इसी तरह का कांबिनेशन पसंद करती हैं। अनुज पांडेय ने बताया कि सफेद कुर्ते के साथ केसरीया और हरे रंग का मल्टीकलर्ड दुपट्टा भी आकर्षक लुक होता है। खादी के वस्त्र भी खासा पसंद किए जाते हैं। इस दौरान तिरंगे वाली साड़ियां भी महिलाआें को खासा रास आ रही है।
पसंद किए जाते हैं टैटू
स्वतंत्रता दिवस हो और युवा इसे सेलिब्रेट न करें ऐसा संभव नहीं। कई लोग इस दिन गाल, हाथ, गर्दन, माथे आदि पर तिरंगा या देशभक्ति से जुड़े स्लोगन लिखे टैटू लगाकर अपना देश प्रेम जाहिर करते हैं। रिषभ ने बताया कि यह कूल दिखने का भी जरिया है। अनुज, नीलम, ज्योति, सौम्या ने बताया कि वह अस्थाई टैटू के साथ स्वतंत्रता दिवस को सेलिब्रेट करते हैं।
तिरंगा प्रिंट टीशर्ट
सिगरा स्थित छोटा माल पर तिरंगा या आकर्षक स्लोगन को टी-शर्ट पर प्रिंट करने का ऑर्डर मिले हैं। उस दिन कपड़ों पर भी इस खास दिन की झलक दिखे इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। कैप, चश्मे यहां तक कि रिस्ट बैंड पर भी इसका असर नजर आता है। इस बार ‘स्पिन इंडिया’ को भी युवा खासा पसंद कर रहे हैं।
नेल आर्ट भी बेमिसाल
स्वाति ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन वह हर साल अपने नाखूनों को खास रंग देती हैं। नेल आर्ट में तीन रंग खूबसूरती के साथ शामिल किए जा सकते हैं और आप अपने नाखूनों पर ‘जय हिंद’ और ‘मेरा भारत महान’ जैसे संदेश भी लिख सकते हैं। अपनी चार अंगुलियों के नाखूनों को सफेद रंग लगाएं और एक नाखून पर तिरंगा बना लें। नेल आर्ट में स्वारोस्की ट्रांसपेरेंट स्टोंस और मोती भी इस्तेमाल कर सकते हैं।