सफलता के लिए कठिन परिश्रम और एक निश्चित लक्ष्य जरूरी है। क्योंकि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता। कैरियर की राह आसान हो, इसके लिए अपनी रुचि को तरजीह दें। अभिभावक भी इसमें सहयोग करें। ये बातें सोनभद्र के सीडीओ अजय कुमार दुबे ने मंगलवार की दोपहर स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल चुर्क में अमर उजाला की तरफ से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहीं।
अपने आईएएस बनने से जुड़े संस्मरणों को छात्र-छात्राओं से साझा करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को सफल बनाने के लिए योजना जरूरी है। यहीं फार्मूला पढ़ाई में भी लागू होता है। एक लक्ष्य करें और उसके हिसाब से अनुशासित रूप में कठिन परिश्रम शुरू कर दें। सफलता जरूर मिले और इसका रास्ता भी आसान हो, इसके लिए जरूरी है कि अपने पसंद के विषय, रुचि को महत्व दें। अभिभावक भी इसको लेकर अपने बच्चों का हौसला बढ़ाएं।
देशसेवा की दृष्टि से भी कैरियर को महत्वपूर्ण बताते हुए सीडीओ ने कहा कि हम देशसेवा के क्षेत्र में भी सुनहरा कैरियर बना सकता है। ईमानदारी से मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी। विद्यालय के प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानंद ने भी सफलता के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने और लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने पर जोर दिया। कहा कि कभी भी शार्टकट के रास्ते सफलता पाने की न सोचें।
माता-पिता और गुरुजनों से समय-समय पर मार्गदर्शन लेते हुए आगे बढ़ते रहें। प्रधानाध्यापक एके वर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए नियमित अध्ययन जरूरी है। अपने विषय को अच्छे से समझें और उसी अनुरुप तैयारी कर आगे बढ़ें। इससे पूर्व प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानंद ने सीडीओ दुबे को शाल, रूद्राक्ष माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
इसके बाद एक-एक यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड के 66 मेधावियों को सम्मानित किया गया। इसमें हाईस्कूल और इंटर दोनों के मेधावी शामिल रहे। संचालन शिक्षिका शिवांगी मालवीय ने किया। इस मौके पर मनोज राय, आरके शर्मा, राजेश, संतोष कुमार, पीके शुक्ला, अमित त्रिपाठी, गीता अग्रवाल, चंचला मिश्रा, संजना पांडेय, मार्शल वर्मा, गोपाल कृष्ण सूद, आनंद पांडेय आदि मौजूद रहे।