समाजवादी पार्टी के नेता व महाराष्ट्र के अध्यक्ष अबू आजमी की जड़ें वाराणसी समेत पूर्वांचल में गहरी हैं। इसके पीछे पूर्वांचल के एक बाहुबली का साथ बताया जा रहा है। अबू आजमी ने विवादित जमीन से जुड़े मामले निपटाए और उनपर बहुमंजिली इमारतें खड़ी कर दीं। अब आयकर विभाग ने वरुणा गार्डेन के 42 फ्लैट और विनायक प्लाजा के दो फ्लोर सील करके जांच आगे बढ़ाई है।
आयकर विभाग के मुताबिक, अबू आजमी व उनसे जुड़े बिल्डरों ने नए बाबतपुर एयरपोर्ट रोड से पुराने बाबतपुर रोड पर 15 बीघा जमीन ली है। यहां टाउनशिप बनाने की तैयारी है। इस प्रोजेक्ट में बाधा बन रहे स्थानीय लोगों को एक बाहुबली की मदद से शांत कराया गया। चहारदीवारी बना दी गई है। 15 बीघा की जमीन में चार साझेदार हैं।
महाराष्ट्र के एक होटल में बाहुबली के साथ हुई थी पंचायत
इसी तरह शिवपुर के वरूणा गार्डेन के पीछे कॉलोनी बसाने की तैयारी है। लेकिन, स्थानीय विवाद और वीडीए से अनुमति नहीं मिलने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अब समस्या के समाधान में बाहुबली को लगाया गया है। महाराष्ट्र के एक होटल में बाहुबली समेत छह लोगों के बीच मामले में पंचायत भी हुई थी, फिर कॉलोनी बसाए जाने की प्रक्रिया तेज हुई थी। पूर्वांचल के कई जिलों में बाहुबली की मदद से अबू आजमी अपना कारोबार बढ़ा रहे हैं।
वाराणसी समेत अन्य जिलों के निजी स्कूल, बैंक, संस्थाओं ने किया है खेल
2 of 6
वाराणसी में सपा नेता अबू आजमी के ठिकानों पर छापा
- फोटो : अमर उजाला
सपा नेता अबू आजमी की तरह ही पूर्वांचल के 12 ट्रस्ट व उससे जुड़े लोग आयकर विभाग की रडार पर हैं। आरोप है कि आयकर में छूट का सहारा लेकर ट्रस्ट प्रबंधन ने काली कमाई को सफेद किया। कुछ निजी बैंकों, स्कूल व अन्य संस्थाओं की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। वाराणसी आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने नोटिस जारी करके जवाब-तलब किया है। बैंक खातों में विदेशों से पैसे भेजे जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।
3 of 6
विनायक प्लाजा के दो फ्लोर सीज
- फोटो : अमर उजाला
आयकर विभाग इन्वेस्टिगेशन विंग के सूत्रों के अनुसार संदेह के घेरे में आए ट्रस्टों की जांच शुरू कर दी गई है। किन-किन बैंकों से कब-कब ट्रांजेक्शन हुआ। बड़ी रकम का उपयोग कहां-कहां किया गया। विदेश से किस ट्रस्ट को कितना पैसा मिला, इसका ब्योरा मिल चुका है। वाराणसी और भदोही के कुछ निजी बैंकों ने काली कमाई को सफेद करने में बड़ी भूमिका निभाई है। टैक्स चोरी का मामला पकड़ में आने के बाद विभाग और सतर्क हो गया। बहरहाल, नोटिस मिलने से ट्रस्ट संचालकों की नींद उड़ी है।
अब ईडी का कसेगा शिकंजा
4 of 6
वाराणसी के मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा
- फोटो : अमर उजाला
सपा नेता अबू आजमी की ढाई सौ करोड़ की बेनामी संपत्ति का मामला सामने आने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी सक्रिय हो गया है। ईडी के अफसरों ने आयकर विभाग की टीम से संपर्क साधा है। माना जा रहा है कि ईडी जल्द ही जांच शुरू कर देगा। विनायक ग्रुप के कर्ताधर्ता से पूछताछ के बाद आयकर विभाग ने अपनी रिपोर्ट मुख्यालय लखनऊ में जमा कर दी है।
जब्त हो सकती है बेनामी संपत्ति
5 of 6
कार्यक्रम को संबोधित करते सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी
- फोटो : अमर उजाला
अबू आजमी की बेनामी संपत्ति जब्त की जा सकती है। इसकी संभावना आयकर विभाग ने जताई है। अधिकारियों का कहना है कि जो फ्लैट व शॉपिंग मॉल सील किए गए हैं, उनके मालिकाना हक से जुड़े तमाम दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं। और भी संपत्तियों के पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिल पा रहे हैं। आयकर से जुड़े आंकड़ों में भी गड़बड़ी मिल रही है। पूरी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई है। मुख्यालय स्तर से नोटिस जारी करके अबू आजमी व उनके सहयोगियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। सकारात्मक जवाब नहीं मिला तो बेनामी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।