दोपहर के साढ़े तीन बजे थे। तभी, पॉश एरिया अहमदबाग में दो बदमाश पहुंचे, जिन्होंने पेंट कारोबारी पृथ्वी पाल के घर का दरवाजा खटखटाया।
सीबीआई अधिकारी बनकर लाखों की डकैती: 25 मिनट कोठी में रहे बदमाश, खौफ में रहे व्यापारी और नौकर
सीसीटीवी की डीवीआर भी लेकर भागे बदमाश
वारदात को अंजाम देकर बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर लेकर आसानी से भागने में सफल हो गए। बदमाश एक लाख की नगदी और लाखों के जेवरात उड़ा ले गए। व्यापारी के घर के आसपास स्थित मकानों और कोठियों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज पुलिस खंगाल रही है।
वारदात के समय क्षेत्र में सक्रिय रहे मोबाइल फोन नंबरों की भी पुलिस डिटेल निकालवा रही है। फुटेज के जरिए बदमाशों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। बदमाशों ने रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है। क्योंकि, अभी तक हुई जांच में सामने आया है कि बदमाशों को घर के अंदर बने कमरों और मुख्य व पिछले द्वार की भी जानकारी थी। बदमाश मुख्य द्वार से अंदर घुसे और पिछले द्वार से भाग गए।
जिस जगह वारदात हुई है, यह पूरा इलाका पॉश और वीआईपी क्षेत्र है। वारदात स्थल के ठीक सामने पूर्व विधायक महावीर राणा की कोठी है। इसी क्षेत्र में कुछ दूरी पर नकुड़ से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी और रामपुर मनिहारन से विधायक देवेंद्र निम का आवास है।
इसी एक किलोमीटर क्षेत्र में डीआईजी कार्यालय व आवास, पुलिस लाइन, एसएसपी कार्यालय, कलक्ट्रेट व डीएम आफिस है। इस इलाके मेें पुलिस की गश्त ज्यादा रहती है, लेकिन इसके बाद भी बदमाश आसानी से दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
अमेरिका में रहते हैं बेटा-बेटी, पहुंचे लोग
कारोबारी पृथ्वी पाल सिंह के एक बेटा और एक बेटी है, जो अमेरिका में रहते हैं। वारदात का पता लगते ही कारोबारी के मकान पर भीड़ लग गई। घटना से पड़ोसी भी दहशत में आ गए। घटना के संबंध में पृथ्वी पाल से लोगों जानकारी ली। इसके साथ ही पुलिस से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की।
खुलासे को लगाई तीन टीमें
एसएसपी आकाश तोमर ने वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया है। एक टीम कोतवाली सदर बाजार की है तो बाकी दो टीमें क्राइम ब्रांच की हैं।